वनडे विश्व कप 2027 अब करीब एक साल दूर है और अगले साल अक्टूबर-नवंबर के दौरान आईसीसी का यह बड़ा टूर्नामेंट खेला जाएगा। टूर्नामेंट को लेकर टीमों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐ
ODI World Cup 2027 Format: क्रिकेट फैंस के लिए अगले साल होने वाला आईसीसी पुरुष वनडे वर्ल्ड कप कई मायनों में खास होने वाला है। 2027 का टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा और इसमें कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी। आईसीसी ने इस बार टूर्नामेंट के प्रारूप में बड़ा बदलाव किया है। नई व्यवस्था में शुरुआती चरण से लेकर सेमीफाइनल तक मुकाबलों को तीन प्रतिस्पर्धी राउंड में बांटा गया है।
आईसीसी के मुताबिक 2027 वर्ल्ड कप में कुल 57 मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट अक्टूबर-नवंबर 2027 में आयोजित होगा और अफ्रीका में 24 साल बाद वनडे विश्व कप की वापसी होगी। 12 वेन्यू पर मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें दक्षिण अफ्रीका के आठ, जिम्बाब्वे के तीन और नामीबिया का एक मैदान शामिल है।
14 टीमों से शुरू होगा विश्व कप
2027 का वर्ल्ड कप 14 टीमों के साथ शुरू होगा। इनमें से सबसे निचली रैंकिंग वाली तीन टीमें पहले चरण यानी Super Series में उतरेंगी। यह तीन टीमों के बीच राउंड-रॉबिन मुकाबलों का चरण होगा। Super Series में हर टीम बाकी दोनों टीमों के खिलाफ खेलेगी। इस चरण के बाद अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम अगले राउंड में पहुंच जाएगी, जबकि बाकी दो टीमों का विश्व कप अभियान वहीं समाप्त हो जाएगा। ICC ने इस चरण को टूर्नामेंट में शुरुआती मुकाबलों का महत्व बढ़ाने के लिए शामिल किया है।
Round 2 में 12 टीमें, दो ग्रुप
Super Series के बाद विजेता टीम बाकी 11 टीमों के साथ मुख्य चरण में शामिल होगी। इस तरह दूसरे राउंड में कुल 12 टीमें होंगी। इन्हें छह-छह टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। दोनों ग्रुप में राउंड-रॉबिन आधार पर मुकाबले होंगे। यानी हर टीम अपने ग्रुप की बाकी पांच टीमों के खिलाफ एक-एक मैच खेलेगी। इस चरण में कुल 30 मुकाबले होंगे।
हर ग्रुप की शीर्ष तीन टीमें अगले चरण के लिए क्वालीफाई करेंगी। इनके अलावा दोनों ग्रुपों में बची टीमों में से सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम को भी आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। इस तरह कुल सात टीमें Super 7 में जगह बनाएंगी।
Super 7 में होगा असली मुकाबला

टूर्नामेंट का तीसरा और महत्वपूर्ण चरण Super 7 होगा। इसमें सातों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। हर टीम को छह मैच खेलने होंगे और इस चरण में कुल 21 मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। Super 7 की अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। इस तरह फाइनल की दौड़ में पहुंचने वाली टीमों का फैसला इसी चरण के प्रदर्शन से होगा।
Super 7 के बाद अंक तालिका में पहले स्थान पर रहने वाली टीम का मुकाबला चौथे स्थान वाली टीम से होगा। वहीं दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम तीसरे स्थान वाली टीम के खिलाफ सेमीफाइनल खेलेगी। दोनों सेमीफाइनल के विजेता फाइनल में आमने-सामने होंगे। इसके बाद फाइनल जीतने वाली टीम 2027 की विश्व चैंपियन बनेगी।
एक टीम को फाइनल तक कितने मैच खेलने होंगे?
अगर कोई टीम शुरुआत से फाइनल तक का सफर तय करती है, तो उसके लिए मुकाबलों की संख्या काफी अधिक होगी। मुख्य ग्रुप राउंड में उसे पांच मैच खेलने होंगे। इसके बाद Super 7 में छह मैच, फिर एक सेमीफाइनल और अंत में फाइनल होगा। इस तरह ग्रुप चरण से आगे बढ़ने वाली चैंपियन टीम को कुल 13 मुकाबले खेलने पड़ सकते हैं। हालांकि Super Series में खेलने वाली तीन टीमों के लिए यह गणना अलग होगी, क्योंकि उस चरण में हारने वाली दो टीमें आगे नहीं बढ़ेंगी।
2023 वर्ल्ड कप से कितना अलग है 2027 का फॉर्मेट?
2023 में भारत में खेले गए विश्व कप में 10 टीमें थीं और सभी टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ लीग मुकाबले खेले थे। इसके बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंची थीं। इसके मुकाबले 2027 में टीमों की संख्या बढ़ाकर 14 कर दी गई है और प्रतियोगिता को तीन चरणों में बांटा गया है। Super Series, दो ग्रुप वाला मुख्य चरण और Super 7 इस प्रारूप की सबसे बड़ी विशेषताएं हैं। ICC के अनुसार नए ढांचे का उद्देश्य टूर्नामेंट में शुरुआती मुकाबलों से ही प्रतिस्पर्धा और महत्व बढ़ाना है।










