Stock Market Today: US-ईरान युद्ध थमने की उम्मीद से GIFT Nifty में तेजी, SBI-ITC समेत इन शेयरों पर नजर

Stock Market Today: अमेरिका-ईरान युद्ध थमने की उम्मीद से GIFT Nifty में तेजी दिखी। जानें आज शेयर बाजार का रुख कैसा रह सकता है और SBI-ITC समेत किन शेयरों पर नजर

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीद से भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को अच्छी शुरुआत के संकेत हैं। GIFT Nifty में तेजी है। आज SBI, बजाज फिनसर्व और ल्यूपिन समेत कई कंपनियों के नतीजे आएंगे।

बिजनेस न्यूज़: भारतीय शेयर बाजार में सोमवार की जोरदार तेजी के बाद मंगलवार, 3 नवंबर को भी निवेशकों की नजर अच्छी शुरुआत पर है। सुबह 8:05 बजे GIFT Nifty करीब 23,523.50 के स्तर पर था। पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से बाजार को सहारा मिल रहा है। हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में बाजार की आगे की चाल काफी हद तक विदेशी संकेतों और कंपनियों के नतीजों पर निर्भर करेगी।

सोमवार को रिलायंस ने संभाला बाजार, सेंसेक्स 1,233 अंक चढ़ा

सोमवार, 2 नवंबर को शेयर बाजार में अच्छी खरीदारी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 1,233.25 अंक बढ़कर 75,692.78 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 387.70 अंक की तेजी के साथ 23,440.80 पर पहुंच गया। इस तेजी में सबसे बड़ी भूमिका रिलायंस इंडस्ट्रीज की रही। कंपनी के शेयर में 11 फीसदी से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई।

विदेशी निवेशकों की खरीदारी ने भी बाजार का भरोसा बढ़ाया। सोमवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने करीब 3,115 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों ने लगभग 392 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की। इस बीच ईरान और कतर के मध्यस्थों के बीच बातचीत से युद्ध समाप्त होने की उम्मीद बढ़ी है। ब्रेंट क्रूड पिछले सत्र में करीब 7 फीसदी गिरने के बाद 105 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है। 

हालांकि, ईरान के केश्म द्वीप पर अमेरिकी हमले की खबरों से तनाव अभी बरकरार है। बाजार जानकारों के मुताबिक, निफ्टी में गिरावट आने पर 23,200 का स्तर पहला अहम सपोर्ट हो सकता है। इसके नीचे 23,000 का स्तर महत्वपूर्ण रहेगा।

SBI और बजाज फिनसर्व के नतीजों पर रहेगी नजर

मंगलवार को कई बड़ी कंपनियां सितंबर तिमाही के नतीजे घोषित करने वाली हैं। इनमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), बजाज फिनसर्व, ल्यूपिन, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बजाज होल्डिंग्स एंड इन्वेस्टमेंट शामिल हैं। इसके अलावा बाटा इंडिया, एमक्योर फार्मास्यूटिकल्स, एंड्योरेंस टेक्नोलॉजीज, ग्रेफाइट इंडिया, आइनॉक्स इंडिया, MCX, महानगर गैस, मेट्रोपोलिस हेल्थकेयर और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के नतीजे भी आने हैं।

बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर में SBI तथा बजाज फिनसर्व के प्रदर्शन पर खास ध्यान रहेगा। इन कंपनियों के मुनाफे और कारोबार से जुड़े आंकड़े संबंधित शेयरों की चाल पर असर डाल सकते हैं।

Stock Market Today: US-ईरान युद्ध थमने की उम्मीद से GIFT Nifty में तेजी, SBI-ITC समेत इन शेयरों पर नजर

ITC का मुनाफा घटा, NALCO और Marico ने दिखाई मजबूती

सोमवार को आए तिमाही नतीजों में कई कंपनियों का प्रदर्शन अलग-अलग रहा। ITC का मुनाफा सालाना आधार पर 18.5 फीसदी घटकर 4,229.3 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, कंपनी का रेवेन्यू 43.85 फीसदी बढ़कर 30,578.4 करोड़ रुपये पहुंच गया। सरकारी एल्युमिनियम कंपनी NALCO का मुनाफा 28.3 फीसदी बढ़कर 1,835 करोड़ रुपये रहा। कंपनी की आमदनी भी 26.3 फीसदी बढ़कर 5,419.4 करोड़ रुपये हो गई।

Marico ने बेहतर प्रदर्शन किया है। कंपनी का मुनाफा 29.2 फीसदी बढ़कर 558 करोड़ रुपये और रेवेन्यू 13 फीसदी बढ़कर 3,897 करोड़ रुपये रहा। दवा कंपनियों में Akums Drugs का मुनाफा 176.7 फीसदी उछलकर 112.9 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, Granules India ने 39.2 फीसदी की बढ़त के साथ 181.8 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया।

दूसरी तरफ KEC International का मुनाफा 81.5 फीसदी गिरकर 29.7 करोड़ रुपये रह गया। Gujarat State Fertilizers & Chemicals का मुनाफा भी 38.2 फीसदी घटकर 200.2 करोड़ रुपये रहा। Trident का मुनाफा 93.1 फीसदी बढ़कर 175.6 करोड़ रुपये पहुंचा है। कंपनी के बोर्ड ने 4,650 करोड़ रुपये की क्षमता विस्तार और आधुनिकीकरण योजना को भी मंजूरी दी है।

Lupin, Motherson और NBCC में भी हलचल संभव

फार्मा कंपनी Lupin को अमेरिका के दवा नियामक USFDA से 10 एमजी की Amifampridine टैबलेट के लिए मंजूरी मिली है। इस खबर के चलते कंपनी के शेयर पर निवेशकों की नजर रह सकती है। Samvardhana Motherson International ने सिंगापुर की नानयांग टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के साथ Spinheat तकनीक पर काम करने की घोषणा की है। इस तकनीक से औद्योगिक कोटिंग को कम ऊर्जा खर्च करके जल्दी सुखाया जा सकता है।

TVS Holdings को अपनी सहयोगी कंपनी Home Credit India Finance में राइट्स इश्यू के जरिए 483.91 करोड़ रुपये के अतिरिक्त शेयर मिले हैं। वहीं, सरकारी निर्माण कंपनी NBCC ने बिहार सरकार के विभिन्न विभागों के साथ पटना में चार पुनर्विकास परियोजनाओं के लिए समझौता किया है। ये परियोजनाएं बिना सरकारी बजटीय सहायता के स्व-वित्तपोषण मॉडल पर पूरी की जाएंगी।

Leave a comment