सुनेत्रा पवार बनेंगी NCP की राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बड़ा फैसला

पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बड़ा निर्णय लेते हुए सुनेत्रा पवार को नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का फैसला किया गया।
सुनेत्रा पवार बनेंगी NCP की राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बड़ा फैसला

महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर जारी अनिश्चितता अब समाप्त होती दिख रही है।

मुंबई: सुनेत्रा पवार 26 फरवरी को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकती हैं। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उनके नाम पर सहमति बन गई है। दरअसल, एनसीपी के अजित पवार गुट के नेताओं और विधायकों की मुंबई में अहम बैठक हुई, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की तारीख तय की गई। जानकारी के मुताबिक, 26 फरवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन के लिए पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की जाएगी।

मुंबई में हुई अहम बैठक

मुंबई में एनसीपी के अजित गुट के नेताओं की विशेष बैठक बुलाई गई, जिसमें संगठनात्मक भविष्य और नेतृत्व परिवर्तन पर विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की तिथि तय करते हुए 26 फरवरी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की औपचारिक बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया है। इसी बैठक में सुनेत्रा पवार के नाम पर मुहर लगाई जाएगी।

बैठक में मौजूद अधिकांश नेताओं ने सुनेत्रा पवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के प्रस्ताव का समर्थन किया। पार्टी सूत्रों का कहना है कि नेतृत्व परिवर्तन को लेकर पार्टी के भीतर व्यापक सहमति बनी हुई है, जिससे संगठनात्मक स्थिरता और राजनीतिक दिशा को स्पष्टता मिलेगी।

संगठन को मजबूत करने पर जोर

इससे पहले एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि पार्टी की प्राथमिकता संगठन को मजबूत करना और नए नेतृत्व के तहत एकजुट होकर आगे बढ़ना है। उन्होंने स्पष्ट किया था कि सुनेत्रा पवार राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार हैं और जल्द ही औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सुनेत्रा पवार का चयन पार्टी के भीतर निरंतरता बनाए रखने और नेतृत्व की रिक्तता को भरने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे कार्यकर्ताओं में स्पष्ट संदेश जाएगा कि पार्टी नेतृत्व संक्रमण काल से बाहर निकलकर नए चरण में प्रवेश कर रही है।

सुनेत्रा पवार बनेंगी NCP की राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बड़ा फैसला

अजित पवार के निधन के बाद बदला राजनीतिक परिदृश्य

हाल ही में एक विमान हादसे में एनसीपी प्रमुख और महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता अजित पवार का निधन हो गया था। उनके आकस्मिक निधन के बाद पार्टी और राज्य की राजनीति में बड़ा शून्य पैदा हो गया था। इसी पृष्ठभूमि में नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। अजित पवार के निधन के 13 दिन बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने राज्य सचिवालय मंत्रालय में उपमुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभाला। 31 जनवरी को उन्होंने महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस अवसर पर एनसीपी के कई वरिष्ठ नेता और समर्थक उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री के रूप में सुनेत्रा पवार को आबकारी, खेल, अल्पसंख्यक कल्याण और औकाफ जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा उन्हें बीड और पुणे जिलों का पालक मंत्री भी नियुक्त किया गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ अब पार्टी की कमान संभालना उनके लिए दोहरी चुनौती होगी।

हालांकि, पार्टी नेताओं का दावा है कि सुनेत्रा पवार का शांत और संगठित कार्यशैली उन्हें इस नई भूमिका में सफल बनाएगी। उनका नेतृत्व एनसीपी को आगामी चुनावों और संगठनात्मक पुनर्गठन में दिशा देने में अहम साबित हो सकता है।

Leave a comment