सवाई माधोपुर में बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा, चांदी के कड़े लूटने के लिए पड़ोसी बना कातिल

सवाई माधोपुर में बुजुर्ग महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। चांदी के कड़े लूटने के लिए पड़ोसी ने वारदात को अंजाम दिया।

सवाई माधोपुर में बुजुर्ग महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपी पड़ोसी ने चांदी के कड़े लूटने के लिए वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Rajasthan: सवाई माधोपुर जिले के बौंली थाना क्षेत्र में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके पड़ोसी ने ही की थी। आरोपी ने लूट के इरादे से इस वारदात की पहले से योजना बना रखी थी।

खेत में मिला था महिला का शव

एसपी अनिल कुमार ने बताया कि 3 फरवरी को कोड्याई गांव निवासी कमला देवी (75) पत्नी रामनिवास मीणा जंगल क्षेत्र में बकरियां चराने गई थीं। उन्होंने पैरों में चांदी के कड़े और गले में सोने की ज्वेलरी पहन रखी थी। देर शाम तक जब वे घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान कमला देवी का शव खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला के गहने गायब थे। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया।

घटनास्थल के पास मिली पड़ोसी की बाइक

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक बाइक खड़ी मिली। जांच में यह बाइक महिला के पड़ोसी रामलाल जोगी की निकली।

इसके अलावा ग्रामीणों ने भी बताया कि रामलाल को आखिरी बार कमला देवी के साथ देखा गया था। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने रामलाल की तलाश शुरू की और उसे दतवास गांव से गिरफ्तार कर लिया।

10 दिन पहले से बना रहा था हत्या का प्लान

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसके कमला देवी के परिवार से अच्छे संबंध थे। उसने महिला के बेटे से करीब 2.5 लाख रुपए का कर्ज ले रखा था। कर्ज चुकाने के लिए उसने लूट की योजना बनाई।

आरोपी ने बताया कि उसने करीब 10 दिन पहले ही वारदात की तैयारी शुरू कर दी थी और एक कुल्हाड़ी को खेत में छुपा दिया था। उसे पता था कि महिला रोज बकरियां चराने जाती है और अकेली रहती है।

लूट के बाद फरार हुआ आरोपी

घटना वाले दिन आरोपी बाइक से खेत के पास पहुंचा और कुछ दूरी पर वाहन खड़ा कर दिया। इसके बाद वह पैदल महिला के पास गया। मौका मिलने पर उसने हमला कर दिया और महिला के गहने लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला के परिवार का करीबी होने के बावजूद अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुआ, जिससे उस पर शक और गहरा गया। पूछताछ के बाद आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a comment