Tata Motors CV के शेयर 12 नवंबर को 28% प्रीमियम पर लिस्ट हुए, लेकिन जल्द ही गिरकर 326 रुपए पर पहुंचे। डीमर्जर से कंपनी को दीर्घकालिक फायदा दिख रहा है, मगर एक्सपर्ट्स ने फिलहाल निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
टाटा मोटर्स के डीमर्जर के बाद Tata Motors Commercial Vehicles (TMCV) के शेयरों की लिस्टिंग मंगलवार, 12 नवंबर को हुई। हालांकि शानदार शुरुआत के बावजूद शेयर लिस्टिंग के कुछ समय बाद ही फिसल गए। एनएसई पर यह शेयर 335 रुपए और बीएसई पर 330.25 रुपए पर लिस्ट हुए, जो कि 260.75 रुपए के इश्यू प्राइस से लगभग 28% प्रीमियम पर था। लेकिन इंट्रा-डे में यह 345 रुपए का हाई लगाने के बाद लुढ़ककर 326 रुपए तक पहुंच गया।
डीमर्जर से कंपनी को क्या फायदा हुआ
टाटा मोटर्स के डीमर्जर (Demerger) के बाद कंपनी के पैसेंजर और कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट पूरी तरह अलग हो चुके हैं। इस कदम को मार्केट एक्सपर्ट्स कंपनी और शेयरधारकों दोनों के लिए सकारात्मक मान रहे हैं।
एम्बिट कैपिटल के अनुसार, टाटा मोटर्स का कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट मजबूत स्थिति में है। इसका बाजार में टॉप पोजिशन, इंडस्ट्री के अनुरूप मार्जिन और बेहतर कैश फ्लो जेनरेशन कंपनी के रिवैल्युएशन को सपोर्ट कर सकते हैं।
ब्रोकरेज हाउस का मानना है कि वैश्विक उपस्थिति (Global Presence) और Iveco अधिग्रहण कंपनी की ग्रोथ को और तेज कर सकते हैं। डीमर्जर से कंपनी को स्ट्रैटेजिक फोकस, ऑपरेशनल इंडिपेंडेंस और बेहतर मार्केट वैल्यूएशन जैसे फायदे मिलने की उम्मीद है।
क्यों गिरा शेयर लिस्टिंग के बाद
लिस्टिंग के तुरंत बाद शेयर में 3% तक गिरावट देखने को मिली। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि हाल में टाटा मोटर्स के शेयरों में गिरावट और लिस्टिंग के बाद तकनीकी समायोजन (Technical Adjustment) के चलते अस्थिरता आई है।
साथ ही, इंडेक्स और पोर्टफोलियो एडजस्टमेंट के कारण शेयर प्राइस में शॉर्ट-टर्म उतार-चढ़ाव की संभावना बनी रह सकती है।
एक्सपर्ट की राय: खरीदें, बेचें या करें होल्ड
Bonanza Portfolio के रिसर्च एनालिस्ट अभिनव तिवारी का कहना है कि निवेशकों को अभी सतर्क रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने सलाह दी है कि अभी इस शेयर को तुरंत खरीदने के बजाय वॉचलिस्ट (Watchlist) में रखें और कुछ समय मार्केट की स्थिति पर नजर रखें।
कंपनी की फंडामेंटल स्थिति मजबूत है, लेकिन टेक्निकल रिस्क और अस्थिरता के चलते जल्दबाजी में एंट्री लेना सही नहीं होगा।










