तमिल सिनेमा के सुपरस्टार Thalapathy Vijay सियासत के सुपरहीरो बनकर उभरे हैं. तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय को देश के साथ-साथ विदेशों से भी बधाइयां मिल रही हैं।
चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां साउथ सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल ली है। उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (Tamilaga Vettri Kazhagam) ने विधानसभा चुनाव में 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर राजनीतिक परिदृश्य को पूरी तरह बदल दिया है।
इस नतीजे के बाद विजय को देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बधाइयों का तांता लग गया है। श्रीलंका के बाद अब मलेशिया के प्रधानमंत्री का रिएक्शन भी सामने आया है, जिसने इस राजनीतिक बदलाव को और अधिक वैश्विक चर्चा में ला दिया है।
मलेशियाई प्रधानमंत्री ने दी बधाई, कहा- “एक उंगली की क्रांति”
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए थलापति विजय को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में विजय के फिल्मी करियर का भी जिक्र किया और लिखा कि वर्षों तक दर्शकों ने उन्हें फिल्मों में भ्रष्ट नेताओं और खलनायकों से लड़ते देखा है, लेकिन अब उन्हें वास्तविक राजनीति में जनता ने एक बड़ी जिम्मेदारी दी है।
उन्होंने तमिल भाषा में प्रसिद्ध कहावत “ओरु वायरल पुरची” का उल्लेख करते हुए इसे “एक उंगली की क्रांति” बताया और कहा कि यह लोकतंत्र में एक वोट की शक्ति को दर्शाता है। उनके अनुसार, यह बदलाव इतिहास रचने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
भारत-मलेशिया संबंधों पर भी जोर

अनवर इब्राहिम ने अपने संदेश में भारत और मलेशिया के बीच गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु और मलेशिया के बीच पीढ़ियों से मजबूत सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव रहा है। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले वर्षों में वे तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर आर्थिक सहयोग और विकास के नए अवसरों पर काम करने के इच्छुक हैं। यह बयान दोनों क्षेत्रों के बीच भविष्य में सहयोग की संभावनाओं को भी दर्शाता है।
श्रीलंका से भी मिली थी बधाई
इससे पहले श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने भी थलापति विजय को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने कहा कि श्रीलंका और तमिलनाडु के बीच लंबे समय से ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंध रहे हैं। राष्ट्रपति ने उम्मीद जताई कि विजय के नेतृत्व में दोनों क्षेत्रों के बीच आर्थिक सहयोग और मजबूत होगा और नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि श्रीलंकाई जनता तमिलनाडु के नए नेतृत्व के सफल कार्यकाल की कामना करती है।
तमिलनाडु में हुए विधानसभा चुनावों में थलापति विजय की पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की। इसके बाद कांग्रेस के 5 विधायक, जबकि सीपीआई (Communist Party of India), सीपीआईएम (Communist Party of India (Marxist)), वीसीके (Viduthalai Chiruthaigal Katchi) और आईयूएमएल (Indian Union Muslim League) के 2-2 विधायकों ने उन्हें समर्थन दिया, जिससे उनकी सरकार को स्पष्ट बहुमत मिला।










