रायपुर जिले के तिल्दा नेवरा इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से 73 किलो गांजा, प्रतिबंधित नशीली गोलियां और नकदी बरामद की गई है।
Chhattisgarh: रायपुर ग्रामीण पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए तिल्दा नेवरा इलाके में सक्रिय एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को विशेष अभियान के तहत आरोपी मधु मिश्रा के घर पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को भारी मात्रा में गांजा और अन्य आपत्तिजनक सामान मिला।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से इलाके में गांजा और नशीली गोलियों की तस्करी में शामिल था। मुखबिर से मिली पुख्ता जानकारी के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
73 किलो गांजा और नकदी बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से करीब 73 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 36 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने 790 नग प्रतिबंधित नशीली गोलियां, एक चाकू, मोबाइल फोन और करीब 1 लाख 87 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
![]()
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद नकदी नशे की बिक्री से मिली होने की आशंका है। सभी जब्त सामान को जब्ती पंचनामा बनाकर कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके।
एसपी श्वेता श्रीवास्तव के नेतृत्व में पहली बड़ी कार्रवाई
रायपुर जिले में हाल ही में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए शहर और ग्रामीण क्षेत्र को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। रायपुर ग्रामीण पुलिस की कमान एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के पास है। चार्ज संभालने के बाद उनके निर्देशन में यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
ग्रामीण पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। जल्द ही इस मामले का विस्तृत खुलासा रायपुर ग्रामीण पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी करेंगे। पुलिस का साफ कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।











