तमिलनाडु के डिप्टी मुख्यमंत्री Udhayanidhi Stalin ने हिंदी भाषा को लेकर फिर से साफ और सख्त रुख दोहराया है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में हिंदी थोपने का विरोध कोई नया मुद्दा नहीं है, बल्कि यह लंबे इतिहास और आंदोलन से जुड़ा हुआ है।
Tamil Nadu Assembly Elections 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में एक बार फिर भाषा को लेकर राजनीतिक गर्माहट बढ़ गई है। डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन ने हिंदी भाषा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि तमिलनाडु में हिंदी थोपने का कोई अधिकार नहीं है और तमिल भाषा को किसी दूसरी भाषा पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं है।
इतिहास से जुड़ा हिंदी विरोध आंदोलन
उदयनिधि स्टालिन ने बताया कि तमिलनाडु में हिंदी विरोध कोई नया मुद्दा नहीं है। यह लंबे इतिहास और आंदोलन से जुड़ा हुआ है। उन्होंने याद दिलाया कि सबसे पहला हिंदी विरोध आंदोलन 1937-38 में समाज सुधारक पेरियार ने शुरू किया था। उस समय स्कूलों में हिंदी को अनिवार्य करने का फैसला लिया गया था।
स्टालिन ने कहा, उस समय पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि (कलाईनार) केवल 14 साल के थे और तिरुवरूर में हुए प्रदर्शन में शामिल हुए। इस आंदोलन के दबाव में 21 फरवरी 1940 को सरकार को फैसला वापस लेना पड़ा और हिंदी की अनिवार्यता को खत्म करना पड़ा।
![]()
तमिल को किसी सहारे की जरूरत नहीं
उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि तमिल भाषा इतनी समृद्ध और मजबूत है कि उसे किसी अन्य भाषा पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा, "कई लोग पूछते हैं कि देश के अन्य राज्यों में हिंदी को क्यों स्वीकार किया गया और केवल तमिलनाडु क्यों विरोध करता है। उत्तर सरल है—तमिल हमारी सांस्कृतिक धरोहर और गर्व की भाषा है।
उन्होंने द्रविड़ आंदोलन की भूमिका पर भी जोर दिया। स्टालिन ने कहा कि डीएमके पार्टी ने राज्य में दो-भाषा नीति को लागू रखा और स्पष्ट किया कि तमिलनाडु में हिंदी को थोपने की कोई जगह नहीं होगी।
तमिल भाषा को शास्त्रीय दर्जा
डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि डीएमके ने तमिल भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि डीएमके ने ही राज्य का नाम बदलकर तमिलनाडु रखा और यह सुनिश्चित किया कि तमिल भाषा की समृद्ध परंपरा और सांस्कृतिक पहचान बनी रहे। स्टालिन ने स्पष्ट किया, "हमारी पार्टी का लक्ष्य केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और भाषाई पहचान को सुरक्षित रखना भी है।
तमिलनाडु की जनता हमेशा तमिल भाषा और संस्कृति के प्रति जागरूक रही है और यह विरोधी धारणा कि हिंदी थोपने का प्रयास किया जाए, कभी स्वीकार्य नहीं होगा।










