टीवी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा में सोनू का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाली निधि भानुशाली ने शो से अलग होने के बाद अपनी जिंदगी में कई बड़े बदलाव देखे।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: टीवी के सबसे लंबे समय तक चलने वाले कॉमेडी शोज़ में से एक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ (TMKOC) में सोनू भिड़े का किरदार निभाकर लोकप्रियता हासिल करने वाली अभिनेत्री निधि भानुशाली ने शो छोड़ने के बाद अपनी जिंदगी, ट्रोलिंग और करियर को लेकर खुलकर बात की है। मीडिया से खास बातचीत में उन्होंने अपने सफर, बदलाव और भविष्य की योजनाओं पर बेबाक राय रखी।
शो छोड़ने के बाद बदल गई जिंदगी
निधि भानुशाली ने बताया कि TMKOC छोड़ने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। उन्होंने कहा कि उस समय उन्होंने खुद को समझने और जिंदगी को नए नजरिए से देखने का फैसला किया। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने लगभग 7 महीने की रोड ट्रिप की और देश के अलग-अलग हिस्सों की यात्रा की। इस दौरान उन्होंने कैंपिंग और सफर के जरिए जीवन को करीब से महसूस किया। निधि के अनुसार, मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा टीचर सड़क रही है।
![]()
सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर दिया जवाब
शो छोड़ने के बाद अपने सोशल मीडिया पोस्ट्स और असली व्यक्तित्व को दिखाने के कारण उन्हें काफी ट्रोल किया गया। इस पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि शुरुआत में यह उन्हें प्रभावित करता था, लेकिन बाद में उन्होंने इसे नजरअंदाज करना सीख लिया। निधि ने कहा कि वह सिर्फ वही दिखा रही हैं जो वह असल में हैं और अगर किसी को इससे समस्या है तो वह कुछ नहीं कर सकतीं। उन्होंने कहा कि अब वह ऐसे नकारात्मक कमेंट्स को गंभीरता से नहीं लेतीं और मानसिक रूप से मजबूत हो चुकी हैं।
निधि भानुशाली ने यह भी बताया कि TMKOC से ब्रेक लेने के बाद उन्होंने लगभग चार साल तक कोई नया प्रोजेक्ट नहीं किया। इस दौरान उनके माता-पिता ने उनका पूरा साथ दिया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने हर फैसले में उनका समर्थन किया और कभी किसी चीज के लिए दबाव नहीं बनाया। निधि के मुताबिक, यह समय उनके लिए आत्म-खोज और सीखने का दौर था।
क्या ‘तारक मेहता…’ में होगी वापसी?
TMKOC में वापसी के सवाल पर निधि ने साफ तौर पर कहा कि यह चैप्टर अब उनके लिए खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा, अगर मुझे वापस जाना होता, तो मैं शो छोड़ती ही क्यों? निधि का मानना है कि एक कलाकार के लिए लगातार आगे बढ़ना और नए अनुभव लेना जरूरी है। वह अब नए प्रोजेक्ट्स और अलग तरह की कहानियों पर काम करना चाहती हैं।












