तारक मेहता का उल्टा चश्मा एक ऐसा शो है जिसने सालों से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। अपनी हल्की-फुल्की कॉमेडी और सामाजिक संदेशों के साथ यह सीरियल लगातार लोगों को एंटरटेन करता आ रहा है।
Munmun Dutta: लोकप्रिय कॉमेडी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा बीते 15 सालों से दर्शकों के दिलों में राज कर रहा है। शो के हर किरदार ने अपनी अलग ही पहचान बनाई है, जिनमें बबीता जी का किरदार निभाने वाली मुनमुन दत्ता भी शामिल हैं। उनके ग्लैमरस अंदाज, चुलबुले एक्सप्रेशन और जेठालाल के साथ मजेदार नोकझोंक ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया है।
हालांकि पिछले कुछ समय से फैंस ये नोटिस कर रहे थे कि बबीता जी यानी मुनमुन दत्ता शो में दिखाई नहीं दे रही हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर यह चर्चा जोर पकड़ने लगी कि शायद मुनमुन ने शो छोड़ दिया है और उनकी वापसी अब नहीं होगी। इसी बीच मुनमुन दत्ता ने खुद सामने आकर इन सभी अटकलों को विराम दे दिया। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह तारक मेहता का उल्टा चश्मा के सेट पर नजर आ रही हैं।
वीडियो में नजर आया बबीता जी का घर
मुनमुन के इस वीडियो ने साफ कर दिया कि वह शो का हिस्सा हैं और शूटिंग भी कर रही हैं। वीडियो में मुनमुन ब्लैक एंड व्हाइट जंपसूट पहने दिख रही हैं, साथ ही शो में उनके घर यानी बबीता और अय्यर के फ्लैट में कैमरा घूमता दिखाई देता है। उन्होंने अलग-अलग तरह के एक्सप्रेशन भी दिए, जिससे साफ जाहिर हुआ कि वह एक बार फिर नए सीन्स की शूटिंग कर रही हैं।
वीडियो के कैप्शन में मुनमुन ने लिखा, अफवाहें हमेशा सच नहीं होतीं। इस एक लाइन ने तमाम फैंस को राहत दी और बता दिया कि बबीता जी का किरदार शो में बना रहेगा।
कहानी में चल रहा है हॉरर प्लॉट
इन दिनों तारक मेहता का उल्टा चश्मा में हॉरर का तड़का लगाया गया है। गोकुलधाम सोसायटी के सदस्य पिकनिक के लिए एक बंगले पर गए हैं, जहां कथित तौर पर भूतनी का साया है। आत्माराम भिड़े ने इस भूतनी को देखा भी है और डर के मारे उसके कहने पर कपड़े तक धोने पड़े। भिड़े की हालत देखकर दर्शक हंस-हंसकर लोटपोट हो रहे हैं।
लेकिन इस हॉरर ट्रैक में बबीता जी, जेठालाल, डॉक्टर हाथी, कोमल हाथी और अय्यर जैसे अहम किरदारों को बंगले की कहानी से अलग रखा गया है। इसी वजह से मुनमुन दत्ता के गायब होने की अफवाहों को और हवा मिल गई थी।
फैंस ने ली राहत की सांस आई
जैसे ही मुनमुन का यह वीडियो सामने आया, सोशल मीडिया पर उनके फैंस में खुशी की लहर दौड़ गई। कई लोगों ने कमेंट में लिखा कि वे बबीता जी को मिस कर रहे थे, तो कुछ ने मुनमुन के वापस आने पर खुशी जाहिर की। दरअसल, शो में कुछ वक्त के लिए ट्रैक के हिसाब से किरदारों को हटाना आम बात है, लेकिन तारक मेहता जैसे पुराने और आइकॉनिक शो में फैंस अपने पसंदीदा कलाकार को जरा भी गायब होते नहीं देखना चाहते।
मुनमुन दत्ता पिछले 15 सालों से तारक मेहता का उल्टा चश्मा का हिस्सा रही हैं। बबीता जी का रोल उनके करियर का सबसे बड़ा हिट साबित हुआ है। उनका स्टाइल, डायलॉग डिलीवरी और कैमरे के सामने कॉन्फिडेंस दर्शकों को खूब भाता है। यही वजह है कि जैसे ही उनकी एग्जिट की अफवाहें आईं, फैंस परेशान हो गए।