टोंक के दूनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दो युवकों को पकड़ा। इनके पास से 30 ग्राम स्मैक, अवैध शराब, बाइक और छुरी मिली। दोनों आरोपी सांसी बस्ती के रहने वाले हैं।
Rajasthan: टोंक जिले में नशा रोकथाम अभियान में जिला स्पेशल टीम और दूनी थाना पुलिस ने महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल की। इस कार्रवाई का नेतृत्व मालपुरा एएसपी पुष्पेंद्र सिंह सोलंकी और देवली डीएसपी हेमराज चौधरी ने किया।
डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से विश्वसनीय सूचना मिली थी कि पोल्याडा क्षेत्र में कुछ युवक नशीले पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों में लिप्त हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए दूनी थाना पुलिस और स्पेशल टीम को तुरंत गश्त और निगरानी के लिए रवाना किया गया।
भागने की कोशिश में पकड़े गए आरोपी
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पोल्याडा चौकी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर नाकाबंदी शुरू की। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक आते हुए दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों युवक घबरा गए और बाइक मोड़कर वापस भागने की कोशिश करने लगे।

उनकी हरकत संदिग्ध लगने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही रोक लिया। इसके बाद उनकी तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध सामान बरामद हुआ।
स्मैक, शराब और हथियार बरामद
पुलिस तलाशी में आरोपियों के पास से करीब 30 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 52 पव्वे अवैध देसी शराब, 2 लीटर हथकढ़ शराब, एक धारदार छुरी और एक बाइक भी जब्त की गई।
पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने अपनी पहचान राकेश सांसी और धीरज सांसी, निवासी सांसी बस्ती पोल्याडा के रूप में बताई। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कर रही है नेटवर्क की जांच
दूनी थाना प्रभारी रतन सिंह तंवर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे कोई बड़ा नशा तस्करी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जो भी लोग इस नेटवर्क से जुड़े पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











