ट्रंप ने दावा किया कि भारत-पाकिस्तान टकराव में आठ विमान गिराए गए थे। भारत ने दावे को खारिज करते हुए कहा संघर्ष विराम पाकिस्तान की अपील पर हुआ था और इसमें किसी तीसरे पक्ष की भूमिका नहीं थी स्पष्ट कहा।
World News: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच मई में हुए सैन्य तनाव को लेकर दावा किया है कि उन्होंने दोनों देशों के बीच चल रहे संघर्ष को रोका था। ट्रंप ने यह भी कहा कि इस संघर्ष में सात नहीं बल्कि आठ लड़ाकू विमान मार गिराए गए थे। यह दावा उन्होंने मियामी में एक कार्यक्रम के दौरान किया। हालांकि भारत ने उनके इस बयान को दोबारा खारिज करते हुए साफ कहा है कि संघर्ष विराम पाकिस्तान की ओर से अपील के बाद हुआ था और इसमें किसी तीसरे पक्ष की भूमिका नहीं थी।
ट्रंप का नया दावा
ट्रंप ने मियामी में आयोजित अमेरिका बिजनेस फोरम में अपने संबोधन के दौरान कहा कि वह भारत और पाकिस्तान के साथ एक महत्वपूर्ण trade agreement पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि दोनों देशों के बीच गंभीर सैन्य संघर्ष की स्थिति बन गई है। उनके अनुसार इस संघर्ष में शुरुआत में सात विमान गिराए जाने की जानकारी थी, लेकिन बाद में उन्हें बताया गया कि कुल आठ विमान मार गिराए गए।
भारत-पाक तनाव की पृष्ठभूमि
मई महीने में भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव उस समय बढ़ा जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों द्वारा 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या कर दी गई। इसके बाद भारत ने बदले की कार्रवाई के रूप में ऑपरेशन सिंदूर चलाया। इस ऑपरेशन में भारतीय सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में स्थित 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर उन्हें तबाह किया।

इसी सैन्य कार्रवाई के दौरान दोनों देशों की वायु सेनाएं आमने-सामने आ गईं। इसी को लेकर ट्रंप बार-बार दावा कर रहे हैं कि उन्होंने इस संघर्ष को बढ़ने से रोका था।
क्या कहता है ट्रंप का बयान
अपने भाषण में ट्रंप ने कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के शीर्ष नेतृत्व से कहा था कि अगर आप युद्ध जारी रखते हैं तो हम कोई व्यापार समझौता नहीं करेंगे। ट्रंप के अनुसार दोनों देशों ने पहले कहा कि युद्ध और व्यापार का कोई संबंध नहीं है। पर उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यह सब कुछ इससे ही जुड़ा है क्योंकि दोनों देश परमाणु शक्ति संपन्न हैं।
भारत का स्पष्ट जवाब
भारत ने ट्रंप के इस बयान को पहले भी और अब भी साफ शब्दों में खारिज किया है। भारत की आधिकारिक प्रतिक्रिया के मुताबिक 10 मई को पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों की ओर से भारतीय सैन्य अधिकारियों से सीधे बातचीत के दौरान संघर्ष रोकने की अपील की गई थी जिसके बाद शांति स्थापित हुई। इस पूरी प्रक्रिया में अमेरिका या किसी अन्य तीसरे देश की कोई भूमिका नहीं थी।
ट्रंप पहले भी दोहराते रहे हैं यह दावा
ट्रंप मई महीने से लगातार इस दावे को अलग-अलग मंचों पर दोहराते आ रहे हैं। वे खुद को ऐसा नेता बताने की कोशिश कर रहे हैं जिसने दुनिया में कई युद्धों को रोका है। उन्होंने कहा कि उन्होंने न केवल भारत-पाकिस्तान तनाव को रोका, बल्कि कोसोवो-सर्बिया और कांगो-रवांडा में भी संघर्ष रुकवाया।












