उदयपुर में लूट के विरोध पर चाकू से घायल प्रेम गमेती की मौत हो गई। युवक थाने के बाहर एंबुलेंस में एक घंटे तक तड़पता रहा। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया।
Rajasthan: उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। 32 वर्षीय प्रेम गमेती सुबह करीब 4 बजे अपने घर से कृषि मंडी में काम पर जा रहे थे। जैसे ही वे सेक्टर-8 के पास रेलवे लाइन के नजदीक पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
बदमाशों ने प्रेम से लूट की कोशिश की। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रेम के पीठ, कमर और हाथ सहित शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर वार किए गए। शोर मचाने पर बदमाश मौके से फरार हो गए।
अस्पताल से थाने तक भटकता रहा घायल युवक
घटना की सूचना किसी राहगीर ने पुलिस को दी। परिजन भी मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से प्रेम गमेती को पहले सैटेलाइट हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में एमबी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।
एमबी हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने घावों पर टांके लगाए और पट्टी की। इसके बाद परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए घायल युवक को थाने ले जाने को कहा। प्रेम को एंबुलेंस में लेकर सवीना थाने पहुंचा गया, लेकिन वहां करीब एक घंटे तक मामला दर्ज नहीं किया गया।
थाने के बाहर एंबुलेंस में तड़पता रहा प्रेम

परिजनों के अनुसार, प्रेम गमेती गंभीर हालत में थाने के बाहर एंबुलेंस में दर्द से कराहता रहा। वह बार-बार कह रहा था कि उसे जल्द अस्पताल ले जाया जाए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। करीब एक घंटे बाद उसे वापस एमबी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद परिजनों में गुस्सा भड़क उठा। उनका कहना है कि समय पर इलाज और कार्रवाई होती तो प्रेम की जान बच सकती थी।
परिजनों का हंगामा
प्रेम गमेती की मौत के बाद एमबी हॉस्पिटल के बाहर परिजनों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर सवीना और हाथीपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। सवीना थानाधिकारी लादूराम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लूट की नीयत से हमला करने की बात सामने आई है।
आरोपियों की तलाश के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं, एमबी हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. आरएल सुमन ने कहा कि इलाज में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, इसकी जांच के लिए एक कमेटी बनाई गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।











