प्रयागराज।यूपी बोर्ड ने इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षाओं को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए बोर्ड ने नया निर्देश जारी किया है। इसके तहत अब प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर तैनात परीक्षकों की सूची में उनकी फोटो पहचान अनिवार्य रूप से दर्ज की जाएगी। इससे फर्जी परीक्षकों की पहचान आसानी से हो सकेगी और गड़बड़ियों पर रोक लगेगी।
बोर्ड अधिकारियों के अनुसार, पिछले वर्षों में कुछ केंद्रों पर फर्जी परीक्षक पहुंचने की शिकायतें सामने आई थीं। इसी को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है, ताकि केंद्र व्यवस्थापक वास्तविक परीक्षक की पहचान सुनिश्चित कर सकें।
यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट प्रायोगिक परीक्षाएं दो चरणों में आयोजित की जाएंगी। पहला चरण 24 जनवरी से 1 फरवरी तक चलेगा, जबकि 29 और 30 जनवरी को टेट परीक्षा के कारण प्रायोगिक परीक्षा नहीं होगी। दूसरा चरण 2 फरवरी से 9 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। बोर्ड ने सभी केंद्रों को समयबद्ध और नियमों के अनुसार परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षकों को परीक्षा के दौरान वैध फोटो पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।












