UP International Trade Show 2026 शुरू, 9 रूट पर फ्री शटल बस सेवा; जानें रूट और टाइमिंग

UP International Trade Show 2026 में विजिटर्स के लिए 9 रूट पर फ्री शटल बसें चलेंगी। जानें बस रूट, टाइमिंग, 60 ई-बस और 42 पार्क एंड राइड बसों की जानकारी।

ग्रेटर नोएडा में 25 सितंबर से UP International Trade Show 2026 शुरू हो गया है। विजिटर्स की सुविधा के लिए 9 प्रमुख रूट पर मुफ्त शटल बसें चलेंगी। इसके अलावा 60 इंटरसिटी ई-बस और 42 पार्क एंड राइड बस उपलब्ध रहेंगी।

ग्रेटर नोएडा: UP International Trade Show 2026 के लिए प्रशासन ने विजिटर्स, एग्जिबिटर्स और खरीदारों की सुविधा के लिए फ्री शटल बस सेवा शुरू की है। 25 से 29 सितंबर तक चलने वाले ट्रेड शो के दौरान दिल्ली-NCR, गौतमबुद्ध नगर और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र से एक्सपो मार्ट तक 9 मुख्य रूट पर बसें संचालित होंगी। अधिकांश रूट पर बसों की फ्रीक्वेंसी 30 मिनट रखी गई है।

9 रूट से एक्सपो मार्ट तक पहुंचेंगे विजिटर्स

ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक चौथा UP International Trade Show 2026 आयोजित किया जा रहा है। ट्रेड शो में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए प्रशासन ने दिल्ली-NCR और आसपास के प्रमुख स्थानों से मुफ्त शटल बस सेवा शुरू की है।

मुख्य रूट की बसें नॉलेज पार्क रोड स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट के गेट नंबर 3 और 4 के बाहर बनाए गए बस स्टॉप तक जाएंगी। अधिकांश रूट पर बसों की फ्रीक्वेंसी 30 मिनट रखी गई है।

संबंधित बस स्टैंड से एक्सपो मार्ट के लिए बसें सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चलेंगी। एक्सपो मार्ट से वापसी की सेवा दोपहर 2 बजे से रात 9:10 बजे तक उपलब्ध रहेगी। कुछ रूट पर अंतिम बस रात 9:30 बजे तक चलेगी।

बॉटनिकल गार्डन और सेक्टर-62 से 32-32 बसें

बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के सेक्टर-38A स्थित गेट नंबर 4 से 32 बसें चलेंगी। यह रूट GIP मॉल, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और सेक्टर-142 स्थित एडवांट-नासा पार्किंग से होकर एक्सपो मार्ट पहुंचेगा।

नोएडा सेक्टर-62 से भी 32 बसें संचालित होंगी। यह सेवा वेव सिटी सेंटर, गोल्फ कोर्स, दादरी मेन रोड, सालारपुर, भंगेल, NSEZ, फेज-2, सूरजपुर, कलेक्ट्रेट, LG गोलचक्कर, शारदा अस्पताल और नासा पार्किंग होते हुए एक्सपो मार्ट जाएगी।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी मॉल से 32 बसें एक मूर्ति चौक, इटेडा, सूरजपुर, कलेक्ट्रेट, LG गोलचक्कर और शारदा अस्पताल के रास्ते एक्सपो मार्ट पहुंचेंगी।

वहीं नोएडा सेक्टर-35 मोरना बस स्टैंड से भी 32 बसें सिटी सेंटर, सेक्टर-37, एक्सप्रेसवे और सेक्टर-142 एडवांट होते हुए नासा पार्किंग के रास्ते एक्सपो मार्ट जाएंगी।

दादरी, दनकौर और जेवर से भी फ्री बस सेवा

दादरी रोडवेज बस स्टैंड से 20 बसें तिलपता, दादरी रेल मार्ग, सूरजपुर, कलेक्ट्रेट, LG गोलचक्कर और शारदा अस्पताल के रास्ते एक्सपो मार्ट जाएंगी।

दनकौर से 20 बसें सिकंदराबाद रोड, गंगनहर टी-प्वाइंट, ग्रेटर नोएडा रोड, कसना और परी चौक होते हुए नासा पार्किंग पहुंचेंगी।

रबूपुरा से 20 बसें यमुना गौर सिटी और गलगोटिया विश्वविद्यालय के रास्ते एक्सपो मार्ट जाएंगी। जेवर बस स्टैंड से भी 20 बसें यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए नासा पार्किंग तक संचालित होंगी।

इसके अलावा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल फोरकोर्ट से 20 बसें यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते नासा पार्किंग के लिए चलेंगी।

60 इंटरसिटी ई-बस और 42 पार्क एंड राइड बसें

मुख्य शटल रूट के अलावा नोएडा और ग्रेटर नोएडा के आंतरिक सेक्टरों को जोड़ने के लिए 60 इलेक्ट्रिक इंटरसिटी बसें भी चलेंगी। इनका संचालन सुबह 9 बजे से रात 9:30 बजे तक किया जाएगा।

नासा पार्किंग से इंडिया एक्सपो मार्ट तक यात्रियों को पहुंचाने के लिए 42 इलेक्ट्रिक पार्क एंड राइड बसें उपलब्ध रहेंगी। इनका संचालन भी सुबह 9 बजे से रात 9:30 बजे तक होगा।

प्रशासन के अनुसार भीड़ और ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए बसों के संचालन के समय में जरूरत के अनुसार बदलाव किया जा सकता है। शटल सेवा से जुड़ी जानकारी या शिकायत के लिए परिवहन हेल्पलाइन नंबर 9717790588 पर महेश चौधरी से संपर्क किया जा सकता है।

Leave a comment