Upasana Singh Birthday: 7 साल की उम्र से अभिनय कर रहीं उपासना सिंह, टीवी और बॉलीवुड में बनाई खास पहचान

Upasana Singh Birthday Special: 7 साल की उम्र से अभिनय की शुरुआत करने वाली उपासना सिंह ने टीवी और बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई। जानें उनके करियर का सफर।

छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और दमदार अभिनय से दर्शकों का मनोरंजन करने वाली अभिनेत्री उपासना सिंह आज अपना 51वां जन्मदिन मना रही हैं।

Upasana Singh Birthday: भारतीय टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री उपासना सिंह आज अपना 51वां जन्मदिन मना रही हैं। कॉमेडी और दमदार अभिनय के लिए पहचानी जाने वाली उपासना सिंह ने अपने लंबे करियर में टीवी, बॉलीवुड और क्षेत्रीय सिनेमा—तीनों जगह अपनी अलग पहचान बनाई है। खासकर कपिल शर्मा शो में ‘बुआ’ के किरदार ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया।

7 साल की उम्र से शुरू किया एक्टिंग करियर

उपासना सिंह का जन्म 29 जून 1975 को पंजाब के होशियारपुर में हुआ था। बचपन से ही उन्हें अभिनय का शौक था। महज 7 साल की उम्र में उन्होंने स्कूल के माध्यम से दूरदर्शन के कार्यक्रमों में हिस्सा लेना शुरू कर दिया था। उनकी शुरुआती शिक्षा होशियारपुर में हुई और बाद में उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी से आगे की पढ़ाई पूरी की। बचपन से ही मंच पर सक्रिय रहने के कारण उनका झुकाव धीरे-धीरे अभिनय की ओर मजबूत होता गया।

उपासना सिंह ने बहुत कम उम्र में फिल्मी दुनिया में कदम रख दिया था। उन्होंने 1986 में रिलीज हुई फिल्म ‘बाबुल’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया, जब वह सिर्फ 11 साल की थीं। इसके बाद 13 साल की उम्र में उन्होंने राजस्थानी फिल्म ‘बाई चाली सासरिए’ (1988) में भी काम किया। शुरुआती दौर में वे कई भाषाओं की फिल्मों में सक्रिय रहीं, जिनमें पंजाबी, गुजराती, भोजपुरी और राजस्थानी सिनेमा शामिल है। अपने करियर के शुरुआती वर्षों में उन्होंने लगातार कई प्रोजेक्ट्स में काम किया और कभी-कभी एक दिन में तीन शिफ्ट्स तक शूटिंग भी की।

फिल्म ‘जुदाई’ से मिली बड़ी पहचान

उपासना सिंह के करियर को असली पहचान 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘जुदाई’ से मिली। इस फिल्म में उन्होंने अनिल कपूर, श्रीदेवी और उर्मिला मातोंडकर जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया। इस फिल्म में उनके मूक-बधिर लड़की के किरदार को दर्शकों ने खूब सराहा। उनका डायलॉग “अब्बा डब्बा जब्बा” आज भी लोकप्रिय है और उनकी पहचान बन गया।

उपासना सिंह ने टीवी इंडस्ट्री में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई। हालांकि उन्होंने कई शोज और फिल्मों में काम किया, लेकिन उन्हें असली लोकप्रियता कॉमेडी शो के जरिए मिली। कपिल शर्मा शो में उन्होंने ‘बुआ’ का किरदार निभाया, जिसने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया। उनकी कॉमिक टाइमिंग और देसी अंदाज को दर्शकों ने खूब पसंद किया, जिससे वह भारतीय टीवी की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी एक्ट्रेसेस में शामिल हो गईं।

फिल्मों में लंबा और विविध करियर

उपासना सिंह ने अपने करियर में कई हिट फिल्मों का हिस्सा रही हैं, जिनमें ‘इश्क-विश्क’, ‘हंगामा’, ‘हलचल’, ‘एतराज’, ‘डर’, ‘लोफर’ और ‘जुड़वां 2’ जैसी फिल्में शामिल हैं। उनकी खासियत यह रही है कि उन्होंने कॉमेडी के साथ-साथ गंभीर किरदारों में भी अपनी छाप छोड़ी है। विविध भूमिकाओं में उनकी सहजता उन्हें इंडस्ट्री में अलग पहचान दिलाती है।

उपासना सिंह ने साल 2009 में टीवी अभिनेता नीरज भारद्वाज से शादी की थी। दोनों की मुलाकात टीवी शो ‘ऐ दिल-ए-नादान’ के सेट पर हुई थी, जहां से उनकी दोस्ती और फिर रिश्ते की शुरुआत हुई। वर्कफ्रंट की बात करें तो वह हाल ही में 2025 की फिल्म ‘टॉमची’ में नजर आई थीं। इसके साथ ही वह इंडस्ट्री में सक्रिय रहते हुए CINTAA (Cine and TV Artistes’ Association) में महासचिव (General Secretary) के पद पर भी कार्यरत हैं।

Leave a comment