UPPSC PCS 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 3 अगस्त है। पात्र ग्रेजुएट उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। प्रारंभिक परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने PCS 2026 भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 3 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद आवेदन विंडो बंद कर दी जाएगी, इसलिए अभ्यर्थियों को बिना देरी आवेदन पूरा करने की सलाह दी गई है।
3 अगस्त तक पूरा करना होगा आवेदन

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की ओर से आयोजित संयुक्त राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (PCS) 2026 में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए आवेदन का समय तेजी से समाप्त हो रहा है। आयोग ने ऑनलाइन आवेदन और आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 3 अगस्त 2026 निर्धारित की है। ऐसे में जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे जल्द से जल्द आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर जाकर अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। अंतिम तिथि बीतने के बाद किसी भी अभ्यर्थी का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ग्रेजुएट उम्मीदवारों को मिलेगा मौका
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित पद के अनुसार मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) या आवश्यक होने पर पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री होनी चाहिए। आयु सीमा की बात करें तो 1 जुलाई 2026 के आधार पर उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
भर्ती के लिए आवेदन करने वाले सामान्य (General) और ओबीसी (OBC) वर्ग के उम्मीदवारों को 125 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा। वहीं एससी (SC) और एसटी (ST) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 65 रुपये निर्धारित किया गया है। निर्धारित शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से ही किया जा सकेगा। आवेदन तभी मान्य माना जाएगा जब फॉर्म भरने के साथ शुल्क भी सफलतापूर्वक जमा हो जाएगा।
ऑनलाइन ऐसे भरें आवेदन फॉर्म
UPPSC PCS 2026 के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जा रहे हैं। उम्मीदवार सबसे पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद Recruitment सेक्शन में जाकर Apply Online विकल्प चुनें। संबंधित भर्ती के आवेदन लिंक पर क्लिक करने के बाद One Time Registration (OTR) पूरा करें। फिर मांगी गई सभी व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अन्य आवश्यक जानकारी सावधानीपूर्वक भरें। आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करें और फॉर्म सबमिट कर दें। भविष्य के लिए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट सुरक्षित रखना भी जरूरी है।
6 दिसंबर को प्रस्तावित है प्रारंभिक परीक्षा
UPPSC PCS भर्ती प्रक्रिया तीन चरणों में आयोजित की जाती है। सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा (Preliminary Examination) होगी। इसमें सफल होने वाले उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा (Mains) के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार (Interview) आयोजित किया जाएगा। आयोग के कार्यक्रम के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।
जो उम्मीदवार प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए यह उत्तर प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक है। ऐसे में अंतिम समय की भीड़ और तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।










