UPSC Prelims 2026 से पहले एक्सपर्ट्स ने उम्मीदवारों को अंतिम दिनों में नई चीजें पढ़ने, ज्यादा मॉक टेस्ट देने और तनाव लेने से बचने की सलाह दी है। सही रणनीति, पर्याप्त नींद और शांत दिमाग परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए जरूरी बताए गए हैं।
UPSC Prelims 2026 Tips: सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा से पहले उम्मीदवार अपनी तैयारी के अंतिम चरण में हैं। ऐसे समय में एक्सपर्ट्स ने सलाह दी है कि छात्र नई चीजें पढ़ने की बजाय रिवीजन और मानसिक संतुलन पर फोकस करें। सही टाइम मैनेजमेंट, पर्याप्त आराम और आत्मविश्वास परीक्षा के दिन प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंतिम दिनों में नई चीजें पढ़ने से बचें
UPSC प्रीलिम्स से ठीक पहले कई उम्मीदवार घबराहट में नए टॉपिक्स पढ़ना शुरू कर देते हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक ऐसा करने से कन्फ्यूजन बढ़ सकता है और पहले से तैयार किए गए विषय भी कमजोर पड़ सकते हैं। अंतिम दिनों में केवल नोट्स, फैक्ट्स और महत्वपूर्ण टॉपिक्स का रिवीजन करना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।

मेंटर्स का कहना है कि इस समय अपनी तैयारी पर भरोसा रखना जरूरी है। बार-बार स्ट्रेटजी बदलने से भी तैयारी पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
दूसरों से तुलना और ओवर प्रैक्टिस से बढ़ता है तनाव
परीक्षा के करीब आते ही कई छात्र अपने दोस्तों या अन्य एस्पिरेंट्स की तैयारी से खुद की तुलना करने लगते हैं। इससे आत्मविश्वास कमजोर होता है और अनावश्यक दबाव बनता है। एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि हर उम्मीदवार की तैयारी और स्ट्रेटजी अलग होती है, इसलिए खुद पर फोकस करना ज्यादा जरूरी है।
इसके अलावा अंतिम समय में लगातार मॉक टेस्ट देना भी नुकसानदायक हो सकता है। अगर कम स्कोर आता है तो उम्मीदवार तनाव में आ सकते हैं। ऐसे में नए टेस्ट देने की बजाय पुराने टेस्ट की गलतियों को समझना बेहतर विकल्प हो सकता है।
परीक्षा से पहले पर्याप्त नींद और शांत दिमाग जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार परीक्षा से एक रात पहले देर तक जागना या लगातार पढ़ाई करना सही रणनीति नहीं है। पर्याप्त नींद लेने से परीक्षा के दौरान फोकस और निर्णय लेने की क्षमता बेहतर रहती है।
UPSC प्रीलिम्स में निगेटिव मार्किंग भी होती है, इसलिए जल्दबाजी या घबराहट में अनुमान लगाकर उत्तर देने से बचना चाहिए। केवल उन्हीं सवालों को अटेम्प्ट करें जिन पर आपको पर्याप्त भरोसा हो। शांत दिमाग और सही टाइम मैनेजमेंट परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए बेहद जरूरी माना जाता है।












