UPSSSC ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला संयुक्त संवर्ग मुख्य परीक्षा 2026 की प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। 27 सितंबर को हुई परीक्षा में शामिल उम्मीदवार 5 अक्टूबर तक आधिकारिक वेबसाइट से उत्तर कुंजी डाउनलोड कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला (संयुक्त संवर्ग) मुख्य परीक्षा 2026 की प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। 27 सितंबर को आयोजित लिखित परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी लॉगिन डिटेल के जरिए उत्तर कुंजी डाउनलोड कर अपने उत्तरों का मिलान कर सकते हैं। प्रोविजनल आंसर की का लिंक 5 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध रहेगा।
27 सितंबर को हुई थी फोरेंसिक साइंस परीक्षा
UPSSSC की ओर से विधि विज्ञान प्रयोगशाला (Forensic Science Laboratory) संयुक्त संवर्ग मुख्य परीक्षा का आयोजन 27 सितंबर 2026 को किया गया था। परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हुई थी। परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों के लिए अब आयोग ने प्रोविजनल उत्तर कुंजी उपलब्ध करा दी है।

उम्मीदवार आंसर की के जरिए परीक्षा में पूछे गए सवालों के अपने उत्तरों का मिलान कर सकते हैं। इससे उन्हें संभावित स्कोर का अनुमान लगाने में भी मदद मिलेगी। यदि किसी उत्तर को लेकर आपत्ति है तो आयोग की ओर से निर्धारित प्रक्रिया और समयसीमा के अनुसार उसे दर्ज किया जा सकता है।
5 अक्टूबर तक डाउनलोड कर सकेंगे आंसर की
प्रोविजनल आंसर की PDF फॉर्मेट में उपलब्ध कराई गई है। उम्मीदवार इसे UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले वेबसाइट के होम पेज पर जाना होगा और वहां View More विकल्प पर क्लिक करना होगा।
इसके बाद विज्ञापन संख्या 15-परीक्षा/2026, विधि विज्ञान प्रयोगशाला (संयुक्त संवर्ग) मुख्य परीक्षा (प्रा0अ0प0-2025)/16 के अंतर्गत 27 सितंबर 2026 को आयोजित लिखित परीक्षा की Provisional उत्तर कुंजी से संबंधित लिंक पर क्लिक करना होगा। लिंक खुलने के बाद उम्मीदवार PDF देख और डाउनलोड कर सकेंगे। आंसर की डाउनलोड करने के लिए लॉगिन डिटेल की जरूरत पड़ सकती है।
208 पदों पर होनी है भर्ती
इस भर्ती अभियान के माध्यम से विधि विज्ञान प्रयोगशाला में कुल 208 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार इनमें 77 पद सामान्य वर्ग, 61 पद ओबीसी, 18 पद ईडब्ल्यूएस, 47 पद एससी और 5 पद एसटी वर्ग के लिए निर्धारित हैं।
आंसर की जारी होने के बाद अब उम्मीदवारों को परिणाम का इंतजार है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक UPSSSC की ओर से फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी मुख्य परीक्षा का रिजल्ट अगले महीने जारी किया जा सकता है। हालांकि, रिजल्ट की आधिकारिक तारीख आयोग की ओर से घोषित किए जाने के बाद ही स्पष्ट होगी।
उम्मीदवारों को सलाह है कि वे रिजल्ट, आपत्ति प्रक्रिया और भर्ती से जुड़े अगले अपडेट के लिए UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिस देखते रहें।










