उत्तराखंड राज्य गठन के बाद पहली बार किसी IAS अधिकारी पर आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज हुआ है। सेवानिवृत्त IAS राम बिलास यादव पर सतर्कता विभाग और ईडी की जांच चल रही है, जबकि अन्य अधिकारियों के मामलों की भी जांच जारी है।
नैनीताल: उत्तराखंड में राज्य गठन के बाद से अब तक केवल एक IAS अधिकारी पर आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। सूचना के अधिकार के तहत सामने आई जानकारी में खुलासा हुआ कि सेवानिवृत्त IAS राम बिलास यादव के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान और प्रवर्तन निदेशालय ने कार्रवाई की है। वहीं कुछ अन्य अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की जांच अभी जारी है।
RTI से सामने आई अधिकारियों पर कार्रवाई की जानकारी
मुख्य वन संरक्षक और आईएफएस अधिकारी संजीव चतुर्वेदी ने सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत राज्य गठन के बाद अधिकारियों पर दर्ज भ्रष्टाचार और दुराचार मामलों की जानकारी मांगी थी। यह मामला बाद में राज्य सूचना आयोग तक पहुंचा, जहां सुनवाई के बाद संबंधित विभागों को जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
कार्मिक एवं सतर्कता विभाग ने 15 मई को जारी जवाब में बताया कि अब तक केवल सेवानिवृत्त IAS राम बिलास यादव के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है।
राम बिलास यादव पर सतर्कता और ED की कार्रवाई
गृह सचिव कार्यालय की ओर से उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर 2025 के आदेश के तहत राम बिलास यादव के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान देहरादून और प्रवर्तन निदेशालय ने मामला दर्ज किया।
जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि 31 दिसंबर 2016 से 1 जनवरी 2023 के बीच उनकी कुल आय करीब 78.51 लाख रुपये थी, जबकि इस अवधि में 21 करोड़ रुपये से अधिक का व्यय सामने आया। रिपोर्ट के मुताबिक यह खर्च उनकी घोषित आय से काफी अधिक पाया गया।
अन्य अधिकारियों के खिलाफ भी जांच जारी
कार्मिक एवं सतर्कता विभाग ने बताया कि सेवानिवृत्त आईएफएस किशन चंद के मामले में भी अभियोजन की स्वीकृति दी जा चुकी है। वहीं हरिद्वार के पूर्व जिलाधिकारी कमेंद्र सिंह और आईआईएस अधिकारी वरुण चौधरी के खिलाफ विभागीय और सतर्कता जांच जारी है।
हरिद्वार में भूमि से जुड़ी अनियमितताओं के बाद इन अधिकारियों पर कार्रवाई शुरू हुई थी। दूसरी ओर, पूर्व आईएफएस अधिकारी अशोक मिश्रा के खिलाफ चल रही सतर्कता जांच अदालत से दोषमुक्त होने के बाद बंद कर दी गई।











