Uttarakhand Rain: भारी बारिश का अलर्ट, अब तक 11 की मौत और दो लोग लापता

उत्तराखंड में भारी बारिश और भूस्खलन से 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग लापता हैं। देहरादून समेत कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी है।

उत्तराखंड में बुधवार को भी भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। देहरादून समेत कई इलाकों में बारिश दर्ज हुई है। मंगलवार को भूस्खलन और तेज बहाव से 11 लोगों की मौत हुई, जबकि दो लोग लापता हैं।

देहरादून: उत्तराखंड में बुधवार को भी मौसम खराब रहने और कई इलाकों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून शहर और आसपास के क्षेत्रों में गरज, आकाशीय बिजली और बारिश के तेज दौर का पूर्वानुमान जारी किया है। राज्य में मंगलवार को बारिश और नदी-नालों के तेज बहाव से कई हादसे हुए, जिनमें 11 लोगों की मौत हो गई और दो लोग लापता बताए गए हैं।

देहरादून में बारिश और बादल छाए

उत्तराखंड में बुधवार सुबह से कई इलाकों में मौसम बदला हुआ है। देहरादून के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे, जबकि त्यूणी में हल्की बारिश दर्ज की गई। चकराता में बारिश के साथ कोहरा भी देखने को मिला। मौसम विभाग के तत्कालिक पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून शहर और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ घंटों के दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

Uttarakhand Rain: भारी बारिश का अलर्ट, अब तक 11 की मौत और दो लोग लापता

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने सुबह सात बजे जारी पूर्वानुमान में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज दौर की संभावना जताई। यह पूर्वानुमान सुबह सात बजे से 10 बजे तक के लिए जारी किया गया था।

स्वचालित मौसम केंद्रों के अनुसार यूकोस्ट में सबसे अधिक 34.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। हाथीबड़कला में 21.5 मिलीमीटर, चकराता में 17 मिलीमीटर, सहस्रधारा आईटीआई और मोहकमपुर में 7.5-7.5 मिलीमीटर तथा जौलीग्रांट में दो मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

जिला प्रशासन की मौसम संबंधी जानकारी के अनुसार सदर, कालसी, ऋषिकेश, डोईवाला और विकासनगर तहसीलों में बादल छाए रहे। मसूरी में भी बादल बने हुए हैं। फिलहाल जिले में आपदा से संबंधित स्थिति सामान्य बताई गई है।

बारिश और तेज बहाव से कई हादसे

मंगलवार को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश, भूस्खलन और नदी-नालों के तेज बहाव ने स्थिति गंभीर कर दी। इन घटनाओं में 11 लोगों की मौत हुई, जबकि दो लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

देहरादून के चंद्रबनी क्षेत्र में नहर के तेज बहाव में एक 11 वर्षीय बच्चा बह गया। पुलिस ने काफी तलाश के बाद बच्चे का शव बडोवाला से बरामद किया। वहीं बालावाला क्षेत्र में करीब 10 वर्षीय एक अन्य बच्चे के तेज बहाव में बहने की सूचना मिली। SDRF और फायर ब्रिगेड की टीमों ने तलाश अभियान चलाया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।

प्रेमनगर क्षेत्र में कंडोली-बिधोली पुल के पास बरसाती रपटे में दो वाहन तेज पानी में बह गए। इनमें सवार लोगों को बचाने के लिए पुलिस, NDRF, SDRF और फायर सर्विस की टीमों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। अभियान के दौरान कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन दो युवाओं की मौत हो गई।

एक वाहन में हरियाणा निवासी 22 वर्षीय संभव और जयपुर निवासी 21 वर्षीय अक्षय सवार थे। संभव को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि अक्षय की मौत हो गई। दूसरे वाहन में सवार अंश बवेजा और सहज प्रीत कौर को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि 19 वर्षीय कनन सचदेवा की मौत हो गई।

पौड़ी और अल्मोड़ा में भी बारिश का कहर

पौड़ी के पैठाणी क्षेत्र में पश्चिमी नयार नदी में एक महिला के बहने की सूचना के बाद पुलिस और SDRF ने search operation शुरू किया। महिला की पहचान ग्राम पल्ली के नागधार तोक निवासी 33 वर्षीय आशा देवी के रूप में हुई है। महिला के नदी में बहने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पौड़ी जिले में ही उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा के सनेह क्षेत्र में कोल्हू नदी पार करते समय एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। तेज बहाव में पति-पत्नी और उनकी एक वर्षीय बच्ची बह गए। आसपास मौजूद लोगों ने पति सद्दाम को बचा लिया, लेकिन उनकी पत्नी जेनम और एक वर्षीय बेटी शहजादी की डूबने से मौत हो गई। करीब एक घंटे की तलाश के बाद दोनों के शव घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर बरामद किए गए।

अल्मोड़ा के हवालबाग क्षेत्र के वड्यूड़ा गांव में भी भारी बारिश और मलबे के कारण एक मकान में बड़ा हादसा हुआ। रात करीब ढाई बजे तेज गर्जना के साथ मलबा घर के भीतर घुस गया। हादसे में एक ही परिवार की प्रेमा देवी, कल्पना आर्या और मनीष कुमार की मौत हो गई।

परिवार के अनुसार मृतका प्रेमा देवी की बेटी रजनी की दिसंबर में शादी होनी थी और घर में तैयारियों की शुरुआत होने वाली थी। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। राज्य में लगातार बारिश के बीच प्रशासन और राहत-बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a comment