देश के कई हिस्सों में शीत लहर का रौद्र रूप जारी है, वहीं अब मौसम में एक बार फिर बदलाव आने वाला है। सबसे अधिक परेशानी पहाड़ी राज्यों में बढ़ने की संभावना है, इसलिए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
नई दिल्ली: मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के उत्तर और मध्य भारत में मौसम बदलने की चेतावनी जारी की है। 21 दिसंबर, 2025 से दिल्ली, लखनऊ, पटना, शिमला, देहरादून, चंडीगढ़, जयपुर, भोपाल समेत कई प्रमुख शहरों में घना कोहरा और ठंडी हवाओं का असर देखा जाएगा। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
दक्षिणी राज्यों में मौसम की स्थिति में सुधार होने के साथ बारिश से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने सर्द हवाओं और घने कोहरे के चलते सुबह-सुबह यात्रा करने वाले लोगों और वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश में घना कोहरा
दिल्ली में 21 दिसंबर को सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। हवा की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है। आसमान में बादल बने रहेंगे और दृश्यता कम रहने से वाहन चालकों को सावधानी बरतनी होगी। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, बस्ती, कुशीनगर, अयोध्या समेत 30 से अधिक जिलों में सुबह घना कोहरा छाएगा। साथ ही, आसमान में बादल बने रहेंगे। यात्रियों और वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में पड़ेगी ठंड
बिहार के प्रमुख शहरों में भी मौसम करवट लेने वाला है। पटना, गया, जहानाबाद, भोजपुर, बक्सर, सिवान, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज और दरभंगा में सुबह घना कोहरा रहेगा। हवा की रफ्तार 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। मौसम विभाग ने शीत लहर की संभावना भी जताई है, जिससे सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।
उत्तराखंड में देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की वर्षा और बर्फबारी की संभावना है। देहरादून में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहेगा। हिमाचल प्रदेश में शिमला, मनाली और आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहेगा। तापमान में 2-3 डिग्री की कमी आ सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
राजस्थान का मौसम
राजस्थान के जयपुर, माउंट आबू, सीकर, बीकानेर और नागौर जिलों में मौसम बदलने वाला है। अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री की कमी देखने को मिल सकती है। माउंट आबू और बीकानेर में ठंडी हवाओं के साथ शीत लहर चलने की चेतावनी दी गई है। भोपाल और मध्य प्रदेश के अन्य जिलों में भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और तापमान में गिरावट आने की संभावना है।









