उत्तराखंड सरकार ने मदरसा बोर्ड को समाप्त करने और इसके स्थान पर उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण (Uttarakhand Minority Education Authority) स्थापित करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है।
देहरादून: उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने राज्य में मदरसा बोर्ड को समाप्त करने का फैसला किया है। इसके स्थान पर सरकार ने राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया है, जिसके लिए राज्यपाल की मंजूरी भी मिल गई है। सरकार ने इस प्राधिकरण के गठन से संबंधित अधिसूचना मंगलवार को जारी की।
अधिसूचना के अनुसार प्राधिकरण में अध्यक्ष सहित कुल 11 पदों पर नियुक्तियां की गई हैं, जिसमें रुड़की के बीएसएम पीजी कॉलेज के रिटायर्ड प्रोफेसर सुरजीत सिंह गांधी को अध्यक्ष बनाया गया है। इस प्राधिकरण का मुख्य कार्य राज्य के अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों के संचालन और नियंत्रण से संबंधित दिशा-निर्देश तय करना होगा।
प्राधिकरण का गठन और उद्देश्य
उत्तराखंड सरकार ने मदरसा बोर्ड को बंद करने के पीछे मुख्य कारण शिक्षा के आधुनिक स्वरूप और बेहतर निगरानी को बताया है। राज्य के विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते ने कहा कि नया प्राधिकरण मुख्य रूप से मदरसा और अन्य अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों को संचालित करेगा। इसके अलावा यह प्राधिकरण:
- अल्पसंख्यक बच्चों को दी जाने वाली शिक्षा का स्वरूप तय करेगा।
- सिलेबस और पाठ्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देगा।
- शिक्षा संस्थानों की गुणवत्ता और मान्यता का निर्धारण करेगा।
प्राधिकरण की संरचना
![]()
नई अधिसूचना के अनुसार, अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण में कुल 11 पद बनाए गए हैं। इसके अध्यक्ष के रूप में रुड़की के बीएसएम पीजी कॉलेज के रिटायर्ड प्रोफेसर सुरजीत सिंह गांधी को नियुक्त किया गया है। बोर्ड में अन्य प्रमुख सदस्य हैं:
- प्रो. राकेश जैन
- डॉ. सैयद अली
- प्रो. पेमा तेनजिन
- डॉ. एल्बा मेड्रिले
- प्रो. रोबिना अमन
- प्रो. गुरमीत सिंह
- राजेंद्र बिष्ट
- रिटायर्ड आईएएस अधिकारी चंद्रशेखर भट्ट
इसके अलावा महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा, निदेशक राज्य शैक्षिक अनुसंधान और निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण भी प्राधिकरण के सदस्य होंगे।
कब होगा लागू
उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण 1 जुलाई 2026 से पूरी तरह से लागू होगा। इस दिन से मदरसा बोर्ड के अंतर्गत आने वाले सभी संस्थान नए प्राधिकरण के तहत आएंगे। सभी अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों को उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन से मान्यता लेना अनिवार्य होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नया प्राधिकरण अल्पसंख्यक बच्चों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करने और उनके विकास को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि मदरसा बोर्ड को समाप्त करने के बाद प्राधिकरण का गठन इसलिए किया गया है ताकि शिक्षा का स्तर सुधारा जा सके और आधुनिक शिक्षा पद्धति को अपनाया जा सके।
सीएम धामी ने यह भी स्पष्ट किया कि अब प्राधिकरण ही तय करेगा कि अल्पसंख्यक बच्चों को किस प्रकार की शिक्षा दी जाएगी, उनके लिए पाठ्यक्रम और शैक्षिक संरचना कैसी होगी।











