वाराणसी: शहर के प्रमुख मंदिरों और घाटों को रात में और आकर्षक बनाने के लिए फसाड लाइटिंग परियोजना शुरू की जा रही है। इस योजना के तहत शहर के 10 प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों पर आधुनिक प्रकाश व्यवस्था लगाई जाएगी, जिससे रात्री पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ सुरक्षा और दृश्यता भी बेहतर होगी।
परियोजना के अंतर्गत अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट, पंचगंगा घाट, संकट मोचन मंदिर, काल भैरव मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर, भारत माता मंदिर, दुर्गा कुंड मंदिर, तुलसी मानस मंदिर सहित अन्य प्रमुख स्थलों को शामिल किया गया है। इन स्थलों की वास्तुकला और सांस्कृतिक पहचान को रात्रि में भी स्पष्ट रूप से दिखाने के लिए प्रकाश व्यवस्था स्थापित की जाएगी।
आधुनिक तकनीक से की जाने वाली इस प्रकाश व्यवस्था का लक्ष्य न केवल वाराणसी की रात की सुंदरता को बढ़ाना है, बल्कि शहर की सुरक्षा और पर्यटकों की सुविधा को भी बेहतर करना है। स्थानीय प्रशासन का मानना है कि इस तरह की रोशनी से न केवल धार्मिक स्थलों की पहचान और मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय व्यापार और पर्यटन गतिविधियों में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
यह परियोजना वाराणसी को रात में भी उज्जवल और सुरक्षित धार्मिक केंद्र के रूप में उभारने का प्रयास है, जिससे देश-विदेश के श्रद्धालु और पर्यटक आसानी से शहर का आनंद ले सकें।









