वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026: इंग्लैंड रवाना हुई भारतीय टीम, पाकिस्तान के खिलाफ शुरू होगा अभियान

भारतीय महिला क्रिकेट टीम वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए इंग्लैंड रवाना हो गई है। टीम अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबले से करेगी

ICC Women's T20 World Cup 2026 का आगाज अगले महीने होने जा रहा है, जिसकी मेजबानी England and Wales Cricket Board कर रहा है और टूर्नामेंट 12 जून से शुरू होगा।

स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपने मिशन की शुरुआत कर दी है। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया मुंबई से इंग्लैंड के लिए रवाना हो गई, जहां वह पहले इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेलेगी और फिर आगामी विश्व कप में हिस्सा लेगी।

टीम को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर देखा गया, जहां खिलाड़ियों में टूर्नामेंट को लेकर उत्साह साफ नजर आया। यह दौरा भारतीय टीम के लिए वर्ल्ड कप से पहले एक महत्वपूर्ण तैयारी चरण माना जा रहा है।

इंग्लैंड में होगी असली परीक्षा से पहले बड़ी तैयारी

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 2 मई को इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय स्क्वॉड की घोषणा की थी। वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया 28 मई से 2 जून के बीच इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज खेलेगी। यह सीरीज दोनों टीमों के लिए रणनीति और संयोजन को परखने का अहम मौका होगी। इसके बाद सभी टीमें 6 जून से शुरू होने वाले अभ्यास मैचों में हिस्सा लेंगी, जिससे वर्ल्ड कप से पहले अंतिम तैयारियों को परखा जाएगा।

इस बार भारत को ग्रुप-बी में रखा गया है, जिसे काफी चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। इस ग्रुप में भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, पाकिस्तान और नीदरलैंड जैसी टीमें शामिल हैं। भारतीय टीम अपने अभ्यास मैचों में वेस्टइंडीज और मेजबान इंग्लैंड का सामना करेगी। ये मुकाबले टीम संयोजन और खिलाड़ियों की फॉर्म को परखने में अहम भूमिका निभाएंगे।

वर्ल्ड कप का सफर पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से शुरू

भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला न केवल भारत-पाक क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता के कारण बल्कि टूर्नामेंट की शुरुआत के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है। इसके बाद भारत 17 जून को नीदरलैंड्स, 21 जून को दक्षिण अफ्रीका और 25 जून को बांग्लादेश से भिड़ेगा। ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला 28 जून को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला जाएगा।

टीम इंडिया का स्क्वॉड

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, भारती फुलमाली, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदनी शर्मा और राधा यादव।

Leave a comment