बिहार की राजनीति आज एक बार फिर गरमाने वाली है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मंगलवार को मतदाता अधिकार यात्रा (Voter Adhikar Yatra) के तहत वारिसलीगंज में रोड शो करेंगे।
पटना: मतदाता अधिकार यात्रा के तहत मंगलवार को बिहार के वारिसलीगंज में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी, बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और महागठबंधन के कई दलों के नेताओं के रोड शो का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस मौके पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस के नेता भी बड़े काफिले के साथ बिहार रवाना हुए हैं।
दर्जनों गाड़ियों के इस काफिले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, कम से कम आधा दर्जन विधायक और कार्यकारी अध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ता शामिल हैं। सभी नेता और कार्यकर्ता नवादा में होने वाली राहुल गांधी की रैली और वोट अधिकार यात्रा में हिस्सा लेंगे।
नवादा से होगी यात्रा की शुरुआत
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश कुमार उर्फ मंटन सिंह ने जानकारी दी कि नेताओं का नवादा से आगमन होगा और खरांठ मोड़ पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद राहुल गांधी और तेजस्वी यादव वारिसलीगंज की ओर रोड शो के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि रोड शो के दौरान कांग्रेस और राजद के कार्यकर्ता बड़े पैमाने पर जुटेंगे और महागठबंधन के वरिष्ठ नेताओं का स्वागत करेंगे।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के कई नेता और विधायक भी इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नवादा पहुंचे हैं। झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, कई कार्यकारी अध्यक्ष और आधा दर्जन से अधिक विधायक काफिले के साथ बिहार रवाना हुए। इन नेताओं ने कहा कि "वोटर अधिकार यात्रा सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए एक आंदोलन है।
तैयारी बैठक में कार्यकर्ताओं को मिली जिम्मेदारियां
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सोमवार को पटेल नगर सामुदायिक भवन में तैयारी बैठक हुई। बैठक का नेतृत्व राजद प्रखंड अध्यक्ष मुनेश्वर कुशवाहा ने किया, जबकि इसकी देखरेख पूर्व विधायक प्रदीप महतो और अशोक महतो ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वागत से लेकर कार्यक्रम के समापन तक कार्यकर्ता सक्रिय रहेंगे। कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं ताकि रोड शो को भव्य बनाया जा सके।
इस अवसर पर मुंगेर संसदीय क्षेत्र से अनिता देवी, अरविंद कुशवाहा, मिश्री यादव, पप्पू चौधरी, राजेश कुमार, मुखिया प्रतिनिधि अजीत यादव और अशोक पासवान समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महागठबंधन का बड़ा शक्ति प्रदर्शन
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का यह रोड शो सिर्फ एक चुनावी यात्रा नहीं बल्कि महागठबंधन की एकजुटता का भी संदेश माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह कार्यक्रम आगामी चुनावों में महागठबंधन की रणनीति और ताकत को दर्शाने का प्रयास है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि "यह यात्रा बिहार के लोगों को उनके मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का अभियान है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में यह आंदोलन जनआंदोलन का रूप लेगा।
कांग्रेस और राजद का यह कार्यक्रम मतदाताओं को जागरूक करने और युवाओं को राजनीति में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने पर केंद्रित है। यात्रा का मुख्य संदेश है कि जनता अपने वोट के अधिकार को समझे और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाए।