अगले 2-3 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून की वापसी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब मौसम का मिजाज बदल सकता है।
Weather Alert Today: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 23 सितंबर को 13 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। कुछ तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने के साथ समुद्र की स्थिति खराब रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने मछुआरों और समुद्र के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब अगले कुछ घंटों में और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, ओडिशा में 23 और 24 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश में 23 सितंबर को तेज बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में 23 और 24 सितंबर के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। समुद्र की स्थिति खराब रहने के कारण मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
भारी बारिश के कारण ओडिशा, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में स्थानीय स्तर पर जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग के स्थानीय अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
इन 13 राज्यों में बारिश का अनुमान
IMD के अनुसार, 23 सितंबर को केरल, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, सिक्किम, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय में बारिश हो सकती है। इनमें कुछ राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम प्रणाली के प्रभाव से कई इलाकों में 40 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 23 और 24 सितंबर को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। 23 सितंबर को न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह के समय उत्तर-पूर्व दिशा से हवा चलने की संभावना है। 25 सितंबर से दिल्ली के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और आसमान में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में कब शुरू होगी बारिश?
उत्तर प्रदेश में 23 सितंबर को किसी बड़े बारिश अलर्ट की संभावना नहीं है। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 25 से 27 सितंबर के बीच गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू हो सकता है। बलिया, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 26 और 27 सितंबर को भी बारिश हो सकती है। पूर्वी यूपी में 26 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार और झारखंड का मौसम
बिहार में 23 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 24 और 25 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की स्थिति बन सकती है, जबकि 26 और 27 सितंबर को भी बारिश जारी रहने का अनुमान है। झारखंड में 23 से 27 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। 23 सितंबर तथा 25-26 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।











