WhatsApp Web पर जल्द मिलेगा वॉइस और वीडियो कॉलिंग फीचर, अब बिना फोन भी कर सकेंगे कॉल

WhatsApp Web पर जल्द मिलेगा वॉइस और वीडियो कॉलिंग फीचर, अब बिना फोन भी कर सकेंगे कॉल

WhatsApp Web जल्द ही वॉइस और वीडियो कॉलिंग फीचर के साथ अपडेट होने जा रहा है। इस नए फीचर के जरिए यूजर्स बिना किसी ऐप डाउनलोड किए सीधे ब्राउजर से पर्सनल और ग्रुप कॉल कर सकेंगे। इससे ऑनलाइन मीटिंग और डिजिटल कम्युनिकेशन पहले से ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा।

WhatsApp Web Calling Feature: WhatsApp अपने वेब प्लेटफॉर्म पर नया कॉलिंग फीचर लॉन्च करने की तैयारी में है, जिसके तहत यूजर्स आने वाले हफ्तों में सीधे ब्राउजर से वॉइस और वीडियो कॉल कर सकेंगे। यह सुविधा खासतौर पर उन यूजर्स के लिए होगी जो लैपटॉप या पीसी पर WhatsApp Web का इस्तेमाल करते हैं। इसके जरिए पर्सनल और 32 लोगों तक की ग्रुप कॉल संभव होगी, साथ ही कॉल लिंक और शेड्यूलिंग का विकल्प भी मिलेगा। कंपनी का मकसद यूजर्स को बिना अतिरिक्त ऐप के एक आसान और ऑल-इन-वन कम्युनिकेशन अनुभव देना है।

बिना ऐप डाउनलोड किए सीधे ब्राउजर से कॉल

नए फीचर के बाद WhatsApp Web एक तरह से पूरी तरह स्टैंडअलोन प्लेटफॉर्म बन जाएगा। अभी तक यूजर्स को कॉल करने के लिए मोबाइल या डेस्कटॉप ऐप की जरूरत पड़ती थी, लेकिन अब ब्राउजर से ही वॉइस और वीडियो कॉल की सुविधा मिलेगी।

इसका मतलब यह है कि Chrome, Edge या किसी भी दूसरे ब्राउजर में WhatsApp Web खोलकर यूजर अपने कॉन्टैक्ट्स को सीधे कॉल कर पाएंगे। इससे सिस्टम पर स्टोरेज की बचत होगी और अलग-अलग ऐप्स के झंझट से भी छुटकारा मिलेगा।

ग्रुप कॉल और कॉल लिंक का सपोर्ट

WhatsApp Web का यह नया कॉलिंग फीचर सिर्फ पर्सनल कॉल तक सीमित नहीं होगा। इसमें ग्रुप कॉल का भी सपोर्ट मिलेगा, जिसमें एक साथ 32 लोग शामिल हो सकेंगे। यह फीचर खासतौर पर ऑनलाइन मीटिंग और वर्चुअल टीम वर्क के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

इसके अलावा यूजर्स को कॉल लिंक बनाने का ऑप्शन भी मिलेगा। यानी एक लिंक जनरेट कर उसे ग्रुप या कॉन्टैक्ट्स के साथ शेयर किया जा सकेगा, ताकि सभी लोग तय समय पर आसानी से कॉल ज्वॉइन कर सकें।

कॉल नोटिफिकेशन और शेड्यूलिंग फीचर

फीचर रोल आउट होने के बाद कॉल नोटिफिकेशन डिफॉल्ट रूप से ऑन रहेंगी। यूजर को ब्राउजर के अंदर ही इनकमिंग कॉल का अलर्ट मिल जाएगा, भले ही चैट विंडो खुली न हो।

इतना ही नहीं, WhatsApp कॉल शेड्यूल करने का भी विकल्प देगा। यूजर कॉल का समय तय कर सकेंगे और कॉल से पहले उन्हें रिमाइंडर भी मिलेगा, ताकि कोई जरूरी मीटिंग या बातचीत मिस न हो।

Leave a comment