अमेजन एमएक्स प्लेयर का रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ शुरुआत के साथ ही विवादों में घिर गया है। तीसरे एपिसोड में कंटेस्टेंट सिवेट तोमर और शहजाद पूनावाला के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि बात हाथापाई तक पहुंच गई।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: रियलिटी टीवी की दुनिया में सिवेट तोमर का नाम एक बार फिर तेजी से चर्चा में है। Amazon MX Player के रियलिटी शो ‘Rise and Fall 2’ में शहजाद पूनावाला के साथ हुई तीखी बहस और उसके बाद सामने आई हाथापाई ने सिवेट को सुर्खियों में ला दिया है। घटना के बाद शो के निर्माताओं ने उन्हें बाहर कर दिया।
हालांकि, सिवेट के लिए यह पहली बार नहीं है जब किसी रियलिटी शो की वजह से उनका नाम चर्चा में आया हो। इससे पहले वह MTV Roadies, Splitsvilla X5 और The 50 जैसे शोज का हिस्सा रह चुके हैं। ऐसे में फैंस के बीच यह जानने की दिलचस्पी बढ़ गई है कि आखिर सिवेट तोमर कौन हैं और रियलिटी टीवी में उन्होंने अब तक क्या सफर तय किया है।
कौन हैं सिवेट तोमर?
सिवेट तोमर का जन्म 3 जुलाई 1998 को देहरादून, उत्तराखंड में हुआ था। मनोरंजन की दुनिया में कदम रखने से पहले उन्होंने मॉडलिंग में अपना करियर शुरू किया। साल 2018 में उन्होंने ‘मिस्टर देहरादून’ का खिताब हासिल किया। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग के साथ-साथ डिजिटल कंटेंट और रियलिटी टेलीविजन की ओर रुख किया।
सिवेट की पहचान उनकी फिटनेस, आत्मविश्वास और बेबाक व्यक्तित्व के कारण बनी। रियलिटी शोज में वह अक्सर खुलकर अपनी राय रखते दिखाई दिए हैं। यही अंदाज कई बार उन्हें दूसरे प्रतिभागियों के साथ विवादों में भी ले आया।
Roadies से मिली बड़ी पहचान
सिवेट तोमर को देशभर में पहचान MTV Roadies: Karm Ya Kaand से मिली। साल 2023 में उन्होंने इस रियलिटी शो में बतौर प्रतियोगी हिस्सा लिया था। शो के दौरान वह प्रिंस नरूला की गैंग में शामिल रहे। सिवेट ने प्रतियोगिता के दौरान कई चुनौतियों का सामना किया और अपनी जगह फिनाले तक बनाई। उनका सफर फर्स्ट रनर-अप के तौर पर खत्म हुआ। Roadies में उनके प्रदर्शन और स्क्रीन पर नजर आने वाले आक्रामक अंदाज ने उन्हें रियलिटी टीवी दर्शकों के बीच एक जाना-पहचाना चेहरा बना दिया।
Splitsvilla X5 में अनिका अरोड़ा के साथ कनेक्शन

Roadies के बाद सिवेट ने साल 2024 में MTV Splitsvilla X5 में हिस्सा लिया। यह डेटिंग रियलिटी शो था, जहां प्रतियोगियों के बीच कनेक्शन और रिश्ते शो का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं। Splitsvilla में सिवेट का नाम अनिका अरोड़ा के साथ कनेक्शन को लेकर चर्चा में रहा। इसके अलावा उनकी दिग्विजय राठी समेत कई प्रतियोगियों के साथ बहस भी सुर्खियों में रही। शो ने सिवेट की रियलिटी टीवी में मौजूदगी को और मजबूत किया।
इसके बाद साल 2026 में वह ‘The 50’ नाम के रियलिटी शो में भी दिखाई दिए। इस तरह लगातार अलग-अलग फॉर्मेट के रियलिटी कार्यक्रमों का हिस्सा बनकर सिवेट ने मनोरंजन जगत में अपनी पहचान बनाई।
सोशल मीडिया पर भी लोकप्रिय हैं सिवेट
टेलीविजन के अलावा सिवेट तोमर सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं। वह नियमित रूप से अपनी फिटनेस, वर्कआउट और निजी जिंदगी से जुड़ी तस्वीरें व वीडियो साझा करते हैं। उनकी मस्कुलर फिजीक और फिटनेस रूटीन को उनके फैंस काफी पसंद करते हैं। सोशल मीडिया पर उनके समर्थक खुद को ‘Siwet Army’ के नाम से पहचानते हैं। रियलिटी शोज में उनकी लगातार मौजूदगी ने उन्हें एक मजबूत डिजिटल फैन बेस बनाने में मदद की है।
Rise and Fall 2 में क्यों हुआ विवाद?
अब सिवेट Rise and Fall 2 को लेकर सुर्खियों में हैं। शो के एक एपिसोड में ‘Ultimate Ruler’ टास्क के दौरान प्रतियोगियों से ऐसे प्रतिभागी का नाम बताने को कहा गया, जिसे वे कमजोर निर्णय लेने वाला मानते हैं। इस प्रक्रिया में सिवेट का नाम कई बार सामने आया। वहीं करण पटेल ने शहजाद पूनावाला का नाम लिया।
इसके बाद सिवेट और शहजाद के बीच बहस शुरू हो गई। बातचीत के दौरान शहजाद ने सिवेट के स्वरा भास्कर के साथ बैठने और गेम खेलने को लेकर सवाल उठाए। मामला धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी।












