Pune

यूपी आम महोत्सव 2025: सीएम योगी ने किया तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ, 800 प्रजातियों का लगा प्रदर्शन

यूपी आम महोत्सव 2025: सीएम योगी ने किया तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ, 800 प्रजातियों का लगा प्रदर्शन

लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में यूपी आम महोत्सव 2025 शुरू हो गया है। सीएम योगी ने उद्घाटन किया। 800 से अधिक आम की किस्में प्रदर्शित हो रही हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और पौधों की बिक्री मुख्य आकर्षण हैं।

UP Mango Festival 2025: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित 'यूपी आम महोत्सव 2025' का शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्घाटन किया। यह तीन दिवसीय महोत्सव अवध शिल्पग्राम में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें आम की 800 से अधिक प्रजातियों का प्रदर्शन किया गया है।

मुख्यमंत्री ने किया आम कंटेनरों को रवाना

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में उत्पादित आमों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों जैसे लंदन और दुबई के लिए रवाना किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर आम से भरे कंटेनरों को रवाना किया और एक स्मारिका का विमोचन भी किया।

प्रगतिशील आम उत्पादकों का सम्मान

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रगतिशील आम उत्पादकों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम किसानों को हरसंभव सहायता दे रही है ताकि उत्तर प्रदेश का आम वैश्विक बाजारों में और अधिक लोकप्रिय हो सके।

इस महोत्सव में दशहरी, लंगड़ा, चौसा, अम्रपाली, अरुणिमा, अंबालिका, टामी एटकिंस जैसी देशी-विदेशी आम की किस्में प्रदर्शित की गई हैं। इन आमों की रंगत, आकार और स्वाद की प्रतिस्पर्धा देखने लायक है।

दूसरे राज्यों की भागीदारी

महोत्सव में मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान सहित अन्य राज्यों से आए उद्यान विभाग के प्रतिनिधि, प्रगतिशील बागवान और आम निर्यातक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में किसानों के साथ एफपीओ, सहकारी समितियां, स्वयं सहायता समूह, पैक हाउस संचालक, व्यापारी, नर्सरी मालिक, वैज्ञानिक और शोधकर्ता भी शामिल हैं।

विशेष सांस्कृतिक संध्याएं और प्रतियोगिताएं

हर शाम को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय लोक कलाकारों की प्रस्तुति हो रही है। शनिवार को प्रख्यात कवि कुमार विश्वास भी काव्य पाठ करेंगे। इसके अलावा आम खाने की प्रतियोगिता, सेमिनार, कृषि प्रशिक्षण, और शोध से जुड़े कार्यक्रम भी हो रहे हैं।

आम महोत्सव में सिर्फ आम नहीं बल्कि उससे बने उत्पाद जैसे अचार, मुरब्बा, अमावट, आम रसगुल्ला, आम जलेबी आदि की बिक्री भी हो रही है। साथ ही आम के उच्च गुणवत्ता वाले पौधों को भी खरीदा जा सकता है।

नमूनों की रिकॉर्ड भागीदारी

इस बार महोत्सव में कुल 2853 नमूने प्रदर्शित किए जा रहे हैं जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 7 प्रतिशत अधिक हैं। सात श्रेणियों के 58 वर्गों में प्रतियोगिताएं हो रही हैं, जिसमें कुल 1449 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। संरक्षित पदार्थ श्रेणी में 108 प्रतिभागियों के 351 नमूने प्रदर्शित किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश में 3.25 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में आम की खेती होती है। राज्य का सालाना आम उत्पादन 61.46 लाख मीट्रिक टन है, जो देश के कुल आम उत्पादन का लगभग 27 प्रतिशत है। सरकार इस क्षेत्र में निर्यात क्षमता को और मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है।

Leave a comment