देश में गर्मी अभी अपनी रफ्तार पकड़ भी नहीं पाई थी कि मौसम विभाग ने 19 राज्यों में बारिश और तूफानी हवाओं की चेतावनी जारी कर दी है। उत्तर भारत के साथ पूर्वी भारत में भी तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का खतरा है।
Weather Update: बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने नई चेतावनी जारी की है, जो टेंशन बढ़ाने वाली साबित हो सकती है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 20 मार्च से देश के 19 राज्यों में बारिश और आंधी का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली से लेकर कश्मीर तक इस दौरान लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, क्योंकि हवा की रफ्तार 70 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
पूर्वी भारत में आकाशीय बिजली और वज्रपात से सावधान रहने की जरूरत है। इसके अलावा 10 से अधिक राज्यों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। इस तेज बारिश के चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी आने की उम्मीद है।
IMD का अपडेट: 20 मार्च से देशभर में मौसम का बदला मिजाज
आईएमडी के अनुसार 20 मार्च से उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल और कश्मीर सहित अन्य राज्यों में तेज बारिश और 70-85 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं की संभावना है। पूर्वी और मध्य भारत में भी अगले 3 से 5 दिनों तक गरज, बिजली और मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी है। मौसम विभाग का कहना है कि तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है।
उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम की स्थिति
दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल, कश्मीर में मौसम विभाग ने विशेष अलर्ट जारी किया है।
- दिल्ली: 20 मार्च को तेज हवा के झोंके और बारिश के साथ आकाशीय बिजली की संभावना। लक्ष्मी नगर, विनोद नगर, आनंद विहार, आईटीओ और उत्तम नगर सहित कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान। अधिकतम तापमान 22°C और न्यूनतम 14°C रहेगा।
- उत्तर प्रदेश: पूर्वी और पश्चिमी यूपी के जिलों में मध्यम से भारी बारिश, तेज हवाओं की संभावना। प्रभावित जिले: कानपुर, आगरा, बदायूं, एटा, बरेली, मुजफ्फरनगर, मथुरा, अलीगढ़, गोरखपुर, देवरिया, सहारनपुर, मैनपुरी। लखनऊ में अधिकतम 27°C और न्यूनतम 17°C।
- उत्तराखंड: बागेश्वर, नैनीताल, देहरादून, पिथौरागढ़, चंपावत, टिहरी गढ़वाल में 20-22 मार्च तक तूफानी हवाओं के साथ बारिश। देहरादून में अधिकतम 14°C और न्यूनतम 9°C।
- हिमाचल प्रदेश: शिमला, मनाली, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, चंबा, बिलासपुर, किन्नौर में 20-21 मार्च को तेज बारिश और आंधी। मनाली में अधिकतम -2°C, न्यूनतम -8°C।
- राजस्थान: जयपुर, बिकानेर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर, भीलवाड़ा, बूंदी, पाली, बारमेर में 20 मार्च को बारिश की संभावना। जयपुर में अधिकतम 23°C, न्यूनतम 15°C।
पूर्वी और मध्य भारत में मौसम

बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं और मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी।
- बिहार: कटिहार, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, खगड़िया, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी में तूफान और भारी बारिश का अलर्ट। पटना में अधिकतम तापमान 32°C, न्यूनतम 20°C।
- पश्चिम बंगाल और सिक्किम: 20-23 मार्च के दौरान गरज, बिजली और 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार वाली हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश।
- झारखंड: 20 मार्च को कुछ स्थानों पर तेज आंधी और गरज।
- छत्तीसगढ़: 20 मार्च को कुछ स्थानों पर 50-70 किमी/घंटा की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ आंधी।
दक्षिणी और पश्चिमी राज्यों में मौसम
केरल, माहे, आंतरिक कर्नाटक: 20-21 मार्च के दौरान हल्की से मध्यम बारिश।
- तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा: 20-23 मार्च के दौरान बारिश।
- तेलंगाना: 20 मार्च को छिटपुट हल्की से मध्यम वर्षा, गरज, बिजली और तेज हवाएं।
- तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल: 20-21 मार्च के दौरान बिजली गिरने की संभावना।
- महाराष्ट्र: 20-21 मार्च को मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में हल्की/मध्यम बारिश, गरज, बिजली और 30-50 किमी/घंटा की तेज हवाएं।
- कोंकण और गोवा: 19 मार्च को बिजली गिरने की संभावना।
मौसम विभाग ने किसानों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को खेतों, फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं और आंधी के कारण पेड़ गिरने और बिजली गिरने की घटनाओं की संभावना है।










