Haryana Elections 2024: कांग्रेस को घेरने के लिए भाजपा की तैयारी तेज, सभी 90 सीटों पर निकालेगी विजय शंखनाद रैली, जानिए पूरी जानकारी

Haryana Elections 2024: कांग्रेस को घेरने के लिए भाजपा की तैयारी तेज, सभी 90 सीटों पर निकालेगी विजय शंखनाद रैली, जानिए पूरी जानकारी
Last Updated: 03 अगस्त 2024

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर सभी पार्टियों ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। भारतीय जनता पार्टी चार अगस्त से प्रदेश की सभी 90 सीटों पर 'म्हारा हरियाणा-नान स्टाप हरियाणा' विजय शंखनाद रैली करने वाली है। बता दें इस रैली की शुरुआत धार्मिक कुरुक्षेत्र से होगी। जनकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इन रैलियों में भाजपा के प्रमुख चेहरे होंगे।

चंडीगढ़: हरियाणा के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी 'म्हारा हरियाणा-नान स्टाप हरियाणा' विजय शंखनाद रैलियां करने वाली है। इसकी शुरुआत कुरुक्षेत्र से चार अगस्त 2024 को होगी। बता दें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पूरे प्रदेश में इन विजय शंखनाद रैलियों का नेतृत्व करेंगे। कुरुक्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने 'म्हारा हरियाणा-नान स्टाप हरियाणा' विजय शंखनाद रैली की तैयारी लगभग पूरी कर ली हैं।

रैली में ये दिग्गज नेता होंगे शामिल

सूत्रों ने बताया कि विजय शंखनाद रैली में केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्णपाल गुर्जर, भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश कुमार पुनिया, सह प्रभारी सुरेंद्र कुमार नागर, विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र कुमार प्रधान, सह प्रभारी बिप्लब कुमार देब, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सभी मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी के विधायक उम्मीदवार शामिल होंगे।

बता दें प्रदेश में अक्टूबर महीने में विधानसभा चुनाव होंगे। भारतीय जनता पार्टी ने इन सभी रैलियों को 10 सितंबर से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा हैं। जानकारी के मुताबिक रैलियों के आयोजन और व्यवस्था की जिम्मेदारी भार भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, कार्यालय प्रमुख प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र कुमार पुनिया और करनाल के पूर्व सांसद संजय कुमार भाटिया के कंधो पर रखा गए हैं।

दिल्ली में बैठक के दौरान लिए गए कई फैसले

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नई दिल्ली में भाजपा नेताओं की कई घंटे चली दो मैराथन बैठकों में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को मजबूत करने के लिए 'म्हारा हरियाणा-नान स्टाप हरियाणा' विजय शंखनाद रैलियां करने पर सहमति बनी है। बता दें मुख्यमंत्री नायब सैनी को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पंचकूला में आयोजित बैठक के दौरान सीएम पद का उम्मीदवार घोषित किया था। इसलिए भाजपा इन विधानसभा रैलियों में नायब सिंह सैनी को रैली प्रमुख बना रही है।

भाजपा करेगी कांग्रेस का घेराव

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने बताया कि रैलियों के माध्यम से कांग्रेस का घेराव करते हुए कांग्रेस के भय, भूख, भ्रष्टाचार, लूट, झूठ, क्षेत्रवाद और परिवारवाद को जनता के सामने उजागर करेंगे। इसके अलावा केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी की सरकार के अहम फैसलों तथा आगे की योजनाओं को जनता के सामने पेश की जाएगी।

Leave a comment
 

Latest News