कैबिनेट मंत्री अनिल विज का केजरीवाल और हुड्डा पर वार, बोले – ‘जहां-जहां पैर पड़े, वहां बंटाधार’

कैबिनेट मंत्री अनिल विज का केजरीवाल और हुड्डा पर वार, बोले – ‘जहां-जहां पैर पड़े, वहां बंटाधार’
अंतिम अपडेट: 1 दिन पहले

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जमकर निशाना साधा। विज ने केजरीवाल की पंजाब में भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली का बुरा हाल करने के बाद अब वह पंजाब को बर्बाद करने के मिशन पर हैं। 

चंडीगढ़: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने पंजाब में होने वाले उपचुनाव को लेकर केजरीवाल की भूमिका पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को बर्बादी की ओर धकेल दिया है। अनिल विज ने तंज कसते हुए कहा, "जहां-जहां पैर पड़े संतन के, वहां-वहां बंटा धार," यानी जहां-जहां आम आदमी पार्टी की सरकार बनी, वहां-वहां हालात खराब हो गए। 

केजरीवाल पर तीखा हमला

अनिल विज ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में विकास के नाम पर केवल प्रचार और भ्रष्टाचार किया और अब वह भगवंत मान सरकार को दिशाहीन बना रहे हैं। विज का मानना है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार लंबे समय तक टिक नहीं पाएगी और वहां जल्द ही बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा।

हुड्डा को बताया तानाशाह

हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा से हुई तीखी बहस पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि हुड्डा हमेशा से तानाशाही प्रवृत्ति के रहे हैं। विज ने कहा, "हुड्डा जब सत्ता में थे, तब भी दूसरों को बोलने नहीं देते थे, और अब विपक्ष में रहकर भी वही रवैया अपना रहे हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि हुड्डा बिना तैयारी के मुद्दे उठाते हैं और विधानसभा में लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन नहीं करते।

हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी पर तंज

विज ने हरियाणा कांग्रेस में विपक्ष का नेता न चुने जाने को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि छह महीने बाद भी कांग्रेस यह तय नहीं कर पाई कि उनका नेता कौन होगा। यह कांग्रेस की नेतृत्वहीनता को दर्शाता है। हरियाणा सरकार द्वारा पेश किए गए बजट पर बोलते हुए अनिल विज ने कहा कि यह प्रदेश के इतिहास का सबसे बेहतरीन बजट हैं। 

उन्होंने बताया कि यह बजट 12 लाख करोड़ रुपये का है, जिसमें हरियाणा के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश और प्रदेश का विकास संभव हो रहा हैं।

बीजेपी हाईकमान का मंत्रियों को निर्देश

अनिल विज ने बताया कि हरियाणा बीजेपी हाईकमान ने प्रदेश के सभी मंत्रियों को अपने-अपने जिलों में प्रेस कांफ्रेंस करने के निर्देश दिए हैं ताकि सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जा सके। विज ने कहा कि यह बजट हर वर्ग के लिए कल्याणकारी और ऐतिहासिक है, और इसे जनता के बीच ले जाने की जरूरत हैं।

अनिल विज की इन तीखी टिप्पणियों के बाद यह साफ है कि हरियाणा और पंजाब की राजनीति में आने वाले दिनों में भारी उठा-पटक देखने को मिल सकती हैं।

Leave a comment