Trump Travel Ban: अमेरिका की नई ट्रैवल पॉलिसी! पाकिस्तान समेत 41 देशों पर प्रतिबंध की लिस्ट जारी, जानें पूरी डिटेल

Trump Travel Ban: अमेरिका की नई ट्रैवल पॉलिसी! पाकिस्तान समेत 41 देशों पर प्रतिबंध की लिस्ट जारी, जानें पूरी डिटेल
अंतिम अपडेट: 7 घंटा पहले

ट्रम्प प्रशासन 41 देशों पर ट्रैवल बैन पर विचार कर रहा है। अफगानिस्तान, ईरान, सीरिया, क्यूबा, उत्तर कोरिया सहित 10 देशों पर पूर्ण वीजा निलंबन होगा, जबकि अन्य पर आंशिक प्रतिबंध लगेगा।

Trump Travel Ban: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल में इमीग्रेशन नीति को और सख्त करने की तैयारी में हैं। उनके प्रशासन ने 41 देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगाने की योजना बनाई है, जिसमें पाकिस्तान, अफगानिस्तान, ईरान, सीरिया और कई अन्य देश शामिल हैं। यह प्रतिबंध तीन अलग-अलग श्रेणियों में लागू किया जाएगा, जिसमें कुछ देशों पर पूरी तरह से यात्रा प्रतिबंध रहेगा, जबकि कुछ पर आंशिक रूप से प्रतिबंध लगाया जाएगा।

तीन श्रेणियों में बांटे गए 41 देश

अमेरिकी प्रशासन द्वारा तैयार की गई सूची में 41 देशों को तीन अलग-अलग श्रेणियों में रखा गया है। इन श्रेणियों के आधार पर प्रतिबंधों का दायरा तय किया जाएगा।

पहली लिस्ट: पूर्ण यात्रा प्रतिबंध

पहली लिस्ट में अफगानिस्तान, ईरान, सीरिया, क्यूबा और उत्तर कोरिया समेत 10 देशों को शामिल किया गया है। इन देशों के नागरिकों पर पूरी तरह से अमेरिका आने पर रोक रहेगी। इसका मतलब है कि इन देशों के किसी भी व्यक्ति को अमेरिका में वीजा जारी नहीं किया जाएगा।

दूसरी लिस्ट: आंशिक प्रतिबंध

दूसरी लिस्ट में पूर्वी अफ्रीकी देश इरिट्रिया, हैती, लाओस, म्यांमार और दक्षिणी सुडान जैसे देशों को रखा गया है। इन देशों के नागरिकों पर आंशिक प्रतिबंध लगाया जाएगा, जिसका प्रभाव टूरिस्ट, स्टूडेंट और कुछ इमीग्रेंट वीजा पर पड़ेगा। हालांकि, कुछ अपवादों के तहत सीमित संख्या में वीजा जारी किए जा सकते हैं।

तीसरी लिस्ट: 60 दिन की चेतावनी

अमेरिका की तीसरी लिस्ट में 26 देशों को रखा गया है, जिनमें पाकिस्तान, भूटान और म्यांमार शामिल हैं। इन देशों के नागरिकों पर अमेरिका आंशिक रूप से वीजा प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहा है। हालांकि, इन देशों की सरकारों को 60 दिनों की समयसीमा दी गई है ताकि वे अपनी वीजा स्क्रीनिंग प्रक्रिया को मजबूत कर सकें। यदि वे ऐसा नहीं करते हैं, तो उन पर भी सख्त प्रतिबंध लागू कर दिए जाएंगे।

पहले कार्यकाल में भी ट्रंप ने लागू किया था ट्रैवल बैन

यह पहला मौका नहीं है जब ट्रंप प्रशासन ने यात्रा प्रतिबंध लगाने की योजना बनाई है। अपने पहले कार्यकाल के दौरान भी उन्होंने 7 मुस्लिम बहुल देशों पर ट्रैवल बैन लगाया था। अब अपने दूसरे कार्यकाल में भी वे इसी नीति को जारी रख रहे हैं।

अभी फाइनल नहीं हुई सूची

हालांकि, यह लिस्ट अभी अंतिम रूप से तैयार नहीं हुई है। ट्रंप प्रशासन 21 मार्च तक इस पर अंतिम निर्णय लेगा और जरूरत पड़ने पर कुछ देशों के नाम सूची में जोड़े या हटाए जा सकते हैं। व्हाइट हाउस के अधिकारियों का कहना है कि यह कदम अमेरिका की सुरक्षा नीति का हिस्सा है और इसका मकसद उन देशों से यात्रा को रोकना है, जिनकी स्क्रीनिंग और सुरक्षा जानकारी अपर्याप्त मानी जाती है।

इमीग्रेशन पर और सख्ती की तैयारी

डोनाल्ड ट्रंप लगातार इमीग्रेशन नीति को लेकर कड़े फैसले लेते रहे हैं। इस बार भी उन्होंने कैबिनेट सदस्यों को निर्देश दिया है कि वे उन देशों की सूची तैयार करें, जिनसे यात्रा को पूरी तरह या आंशिक रूप से निलंबित किया जा सकता है। 

Leave a comment