Apple ने अपने मैपिंग सिस्टम को और अधिक सटीक और बेहतर बनाने के लिए नया Surveyor ऐप लॉन्च किया है। यह ऐप रियल-टाइम मैपिंग डेटा को इकट्ठा करेगा, जिससे Apple Maps की सटीकता में सुधार होगा। हालांकि, यह ऐप आम जनता के लिए नहीं, बल्कि Apple के पार्टनर कंपनियों के लिए डिजाइन किया गया है। यह सड़क के संकेत, ट्रैफिक सिग्नल और सड़क किनारे के बुनियादी ढांचे की जानकारी को अपडेट करने में मदद करेगा। इस कदम से Apple Maps को Google Maps के मजबूत विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।
Surveyor ऐप कैसे करेगा काम?
Apple का नया ऐप Surveyor विशेष रूप से उन कंपनियों के लिए है जो मैपिंग असाइनमेंट पर काम कर रही हैं। यह ऐप रियल-टाइम में सटीक डेटा इकट्ठा करेगा, जिससे Apple Maps की सटीकता और उपयोगिता में इजाफा होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस ऐप के जरिए स्ट्रीट साइन, ट्रैफिक लाइट्स और अन्य बुनियादी ढांचे का डेटा कैप्चर किया जाएगा और इसे सीधे Apple को भेजा जाएगा। यह सिस्टम Apple Maps को लगातार अपडेट और सुधारने में मदद करेगा।
सर्वेयर ऐप कौन कर पाएगा इस्तेमाल?
Surveyor ऐप आम लोगों के लिए उपलब्ध नहीं होगा। यह केवल Apple के अधिकृत मैपिंग पार्टनर कंपनियों के लिए है। ऐप डाउनलोड करने के बाद, उपयोगकर्ताओं को ओपन पार्टनर ऐप का निर्देश मिलेगा, जो उन्हें Premise नामक थर्ड-पार्टी ऐप पर रीडायरेक्ट करेगा।
Premise ऐप से कैसे जुड़ेगा Surveyor?
Premise एक थर्ड-पार्टी प्लेटफॉर्म है, जो यूजर्स को विभिन्न मैपिंग टास्क पूरे करने के लिए इनाम देता है। इसमें सर्वे, लोकल रिपोर्टिंग, कंस्ट्रक्शन अपडेट और फोटोग्राफिक लोकेशन डेटा शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब किसी यूजर को मैपिंग असाइनमेंट सौंपा जाएगा, तो उन्हें अपने iPhone को कार में माउंट करना होगा, लैंडस्केप मोड में स्विच करना होगा और तय रूट पर ड्राइविंग के दौरान तस्वीरें क्लिक करनी होंगी।
Apple का क्राउडसोर्स्ड डेटा कलेक्शन पर जोर
Apple अपने मैपिंग सिस्टम को अधिक सटीक बनाने के लिए क्राउडसोर्स्ड डेटा कलेक्शन पर जोर दे रहा है। यह तरीका Google Maps के ‘Local Guides’ फीचर से मिलता-जुलता है, जहां उपयोगकर्ता सड़क, ट्रैफिक और अन्य स्थानों की जानकारी अपडेट कर सकते हैं। हालांकि, Premise को आधिकारिक तौर पर Apple Maps के पार्टनर के रूप में सूचीबद्ध नहीं किया गया है, लेकिन दोनों के बीच यह इंटीग्रेशन स्पष्ट रूप से Apple Maps के रेगुलर अपडेट को सहयोग देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
Google Maps को मिलेगी कड़ी चुनौती
Apple का नया Surveyor ऐप AI-बेस्ड रियल-टाइम मैपिंग पर काम करेगा, जिससे यूजर्स को ज्यादा सटीक नेविगेशन और लोकेशन डेटा मिलेगा। इस ऐप के जरिए Apple Maps को बेहतर और अधिक विश्वसनीय बनाने की योजना है, जिससे यह Google Maps को कड़ी टक्कर दे सकता है। नई तकनीक और लगातार अपडेट के चलते यह साफ है कि Apple अब मैपिंग सेक्टर में Google को टक्कर देने के लिए पूरी तरह तैयार है।