Columbus

दिल्ली-NCR में बढ़ेगा गर्मी का कहर, पहाड़ों पर होगी बर्फबारी, जानें आज का मौसम अपडेट

दिल्ली-NCR में बढ़ेगा गर्मी का कहर, पहाड़ों पर होगी बर्फबारी, जानें आज का मौसम अपडेट
अंतिम अपडेट: 12 घंटा पहले

राजधानी दिल्ली और उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, जहां कई जगहों पर तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। दिन में तेज धूप और शुष्क हवाओं के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा हैं। 

मौसम: मार्च का महीना खत्म होने से पहले ही दिल्ली और उत्तर भारत में गर्मी ने अपनी दस्तक दे दी है। राजधानी दिल्ली समेत पूरे NCR क्षेत्र में तापमान लगातार बढ़ रहा है और मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में इसमें और वृद्धि हो सकती है। दूसरी ओर, पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बर्फबारी और बारिश की संभावना बनी हुई है। आइए जानते हैं देशभर के प्रमुख राज्यों में मौसम का हाल।

दिल्ली-NCR में बढ़ेगी गर्मी, उत्तर प्रदेश में साफ रहेगा मौसम

राजधानी दिल्ली में इस हफ्ते गर्मी का असर और तेज होने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 मार्च को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। 30 मार्च तक यह बढ़कर 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को लू का सामना करना पड़ सकता हैं। 

उत्तर प्रदेश के कई शहरों में साफ मौसम रहेगा, लेकिन गर्मी का असर बढ़ता दिखेगा। लखनऊ में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वाराणसी में हल्के बादल छाने की संभावना है, लेकिन बारिश के कोई संकेत नहीं हैं।

राजस्थान और गुजरात में तेज गर्मी का अलर्ट

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। श्रीनगर और गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 2-5 डिग्री और अधिकतम 12-15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। राजस्थान और गुजरात के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ेगी। जयपुर और बीकानेर में तापमान 34 से 36 डिग्री के बीच रहेगा। अहमदाबाद और सूरत में भी तापमान 35 से 38 डिग्री के बीच रहेगा। मौसम विभाग ने इन इलाकों में लू चलने की संभावना जताई हैं। 

पश्चिम बंगाल और झारखंड में हल्की बारिश की संभावना

पूर्वी भारत में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा। कोलकाता और दार्जिलिंग में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान 25 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। झारखंड के रांची में भी बूंदाबांदी के आसार हैं। दक्षिण भारत में भी मौसम का मिला-जुला असर रहेगा। तमिलनाडु के चेन्नई और मदुरै में तापमान 36 से 40 डिग्री तक जा सकता है। दूसरी ओर, केरल के तिरुवनंतपुरम और कोच्चि में हल्की से मध्यम बारिश के कारण मौसम सुहाना रहने की संभावना हैं। 

पूर्वोत्तर भारत में बारिश और ठंडक बरकरार

असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। गुवाहाटी में तापमान 20 से 28 डिग्री और शिलांग में 15 से 22 डिग्री के बीच रहेगा। अरुणाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। पूरे देश में मौसम अलग-अलग रंग दिखा रहा है। दिल्ली और पश्चिमी भारत में गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई हैं। 

Leave a comment