रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित कराटे वर्ल्ड कप 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं बिहार के मुजफ्फरपुर की 13 वर्षीय अनुष्का अभिषेक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: मॉस्को में आयोजित कराटे वर्ल्ड कप-2025 में भारत की 13 वर्षीय खिलाड़ी अनुष्का अभिषेक ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली अनुष्का ने इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में न सिर्फ जीत की लय कायम रखी, बल्कि भारतीय खेल इतिहास में भी एक नई उपलब्धि दर्ज कर दी।
ताजकिस्तान से लेकर मॉरिशस तक, हर मुकाबले में दिखाया दम
चार से आठ अप्रैल तक चले इस टूर्नामेंट में अनुष्का ने शुरुआती दौर में ताजिकिस्तान की खिलाड़ी को हराया। इसके बाद उज्बेकिस्तान और अर्मेनिया की मजबूत प्रतिभागियों को पराजित कर सेमीफाइनल में पहुंचीं। यहां उन्होंने मॉरिशस की खिलाड़ी को शिकस्त दी और फाइनल में मेजबान रूस की खिलाड़ी से मुकाबला किया। हालांकि बेहद करीबी और संघर्षपूर्ण मुकाबले में अनुष्का महज तीन अंकों से चूक गईं, लेकिन उनका प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में गिना गया।
संघर्ष से सफलता तक - अनुष्का की प्रेरक कहानी
अनुष्का का खेलों के प्रति लगाव बचपन से रहा है। उनके माता-पिता ने पढ़ाई के साथ-साथ खेल को भी प्राथमिकता दी। उनकी इस सोच ने ही अनुष्का को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया। अनुष्का अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने कोच शिहान ई. राहुल श्रीवास्तव को देती हैं, जिनके मार्गदर्शन और समर्पण ने उन्हें बार-बार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर विजेता बनाया।
कोच को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान
इस टूर्नामेंट में सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि उनके गुरु राहुल श्रीवास्तव को भी ‘बेस्ट कोच अवॉर्ड’ से नवाजा गया। उन्हें यह सम्मान वर्ल्ड फेडरेशन के वाइस प्रेसिडेंट नारेक मनुक्यान ने प्रदान किया। कोच को मिला यह पुरस्कार भारत में कराटे प्रशिक्षण के उन्नयन और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में एक बड़ी मान्यता है।
भारतीय कराटे को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय पहचान
इस मौके पर यह भी घोषणा की गई कि रास वर्ल्ड अब कजाकिस्तान और अर्मेनिया में अपनी शाखाएं स्थापित करेगा। यह प्रस्ताव भारत की ओर से वर्ल्ड बॉडी की जनरल एसेंबली में रखा गया था जिसे अब आधिकारिक मंजूरी मिल गई है। इसका उद्देश्य मार्शल आर्ट्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देना है। इंडिया जेन टू शीन कराटे फेडरेशन की सेंडाई शिल्पी सोनम ने अनुष्का को बधाई देते हुए कहा, यह देश की बेटियों के लिए एक प्रेरणा है। अनुष्का ने दिखा दिया है कि मेहनत, जूनून और मार्गदर्शन से कोई भी ऊंचाई पाई जा सकती है।