मुंशी प्रेमचंद की आध्यात्मिक कहानी: वरदान

मुंशी प्रेमचंद की आध्यात्मिक कहानी: वरदान
Last Updated: 25 अप्रैल 2024

दोस्तों, हमारा देश सदियों से ही ऋषि मुनियों, कवियों, साहित्यकारों, और संगीतकरों आदि जैसे गुणों से भरपूर महापुरुषों की जन्म और कर्मभूमि रहा है। इन महापुरुषों द्वारा रचित हजारों रचनाये अनमोल हैं। आज की युवापीढ़ी इस डिजिटल युग में मानों कही खोयीं जा रही है और हम अपने धरोहर और अनमोल खजाने से कोसों दूर होते जा रहे हैं। subkuz.com की लगातार यही कोशिश रहती है की हम इन अनमोल खजानो के साथ साथ मनोरंजन कहानियां, समाचार, और देश विदेश की जानकारियां भी आप तक पहुचायें। यहाँ प्रस्तुत है आपके सामने मुंशी प्रेमचंद्र द्वारा रचित ऐसी ही एक अनमोल कहानी जो काफी प्रेरणादायक भी है।

वरदान

विन्घ्याचल पर्वत मध्यरात्रि के निविड़ अन्धकार में काल देव की भांति खड़ा था। उस पर उगे हुए छोटे-छोटे वृक्ष इस प्रकार दष्टिगोचर होते थे, मानो ये उसकी जटाएं है और अष्टभुजा देवी का मन्दिर जिसके कलश पर श्वेत पताकाएं वायु की मन्द-मन्द तरंगों में लहरा रही थीं, उस देव का मस्तक है मंदिर में एक झिलमिलाता हुआ दीपक था, जिसे देखकर किसी धुंधले तारे का मान हो जाता था।

     अर्धरात्रि व्यतीत हो चुकी थी। चारों और भयावह सन्नाटा छाया हुआ था। गंगाजी की काली तरंगें पर्वत के नीचे सुखद प्रवाह से बह रही थीं। उनके बहाव से एक मनोरंजक राग की ध्वनि निकल रही थी। ठौर-ठौर नावों पर और किनारों के आस-पास मल्लाहों के चूल्हों की आंच दिखायी देती थी। ऐसे समय में एक श्वेत वस्त्रधारिणी स्त्री अष्टभुजा देवी के सम्मुख हाथ बांधे बैठी हुई थी। उसका प्रौढ़ मुखमण्डल पीला था और भावों से कुलीनता प्रकट होती थी। उसने देर तक सिर झुकाये रहने के पश्चात कहा।

     ‘माता! आज बीस वर्ष से कोई मंगलवार ऐसा नहीं गया जबकि मैंने तुम्हारे चरणो पर सिर न झुकाया हो। एक दिन भी ऐसा नहीं गया जबकि मैंने तुम्हारे चरणों का ध्यान न किया हो। तुम जगतारिणी महारानी हो। तुम्हारी इतनी सेवा करने पर भी मेरे मन की अभिलाषा पूरी न हुई। मैं तुम्हें छोड़कर कहां जाऊ ?’

          ‘माता। मैंने सैकड़ों व्रत रखे, देवताओं की उपासनाएं की’, तीर्थयाञाएं की, परन्तु मनोरथ पूरा न हुआ। तब तुम्हारी शरण आयी। अब तुम्हें छोड़कर कहां जाऊं? तुमने सदा अपने भक्तो की इच्छाएं पूरी की है। क्या मैं तुम्हारे दरबार से निराश हो जाऊं?’

     सुवामा इसी प्रकार देर तक विनती करती रही। अकस्मात उसके चित्त पर अचेत करने वाले अनुराग का आक्रमण हुआ। उसकी आंखें बन्द हो गयीं और कान में ध्वनि आयी

     ‘सुवामा! मैं तुझसे बहुत प्रसन्न हूं। मांग, क्या मांगती है?

     सुवामा रोमांचित हो गयी। उसका हृदय धड़कने लगा। आज बीस वर्ष के पश्चात महारानी ने उसे दर्शन दिये। वह कांपती हुई बोली ‘जो कुछ मांगूंगी, वह महारानी देंगी’ ?

‘हां, मिलेगा।’

     ‘मैंने बड़ी तपस्या की है अतएव बड़ा भारी वरदान मांगूगी।’

     ‘क्या लेगी कुबेर का धन’?

     ‘नहीं।’

     ‘इन्द्र का बल।’

     ‘नहीं।’

     ‘सरस्वती की विद्या?’

     ‘नहीं।’

     ‘फिर क्या लेगी?’

     ‘संसार का सबसे उत्तम पदार्थ।’

     ‘वह क्या है?’

     ‘सपूत बेटा।’

     ‘जो कुल का नाम रोशन करे?’

     ‘नहीं।’

     ‘जो माता-पिता की सेवा करे?’

     ‘नहीं।’

     ‘जो विद्वान और बलवान हो?’

     ‘नहीं।’

     ‘फिर सपूत बेटा किसे कहते हैं?’

     ‘जो अपने देश का उपकार करे।’

     ‘तेरी बुद्वि को धन्य है। जा, तेरी इच्छा पूरी होगी।’

तो ये थी महान लेखक मुंशी प्रेमचंद जी की एक प्रेरणादायक कहानी I इस कहानी से हमें बहुत सी नयी चीजे सिखने को मिलती है I  subkuz की पूरी टीम इसी प्रयास में रहती है की अपने विजिटर्स के लिए रोज प्रेरणादायक कहानिया देखने को मिले I  ऐसी ही प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक कहानियां पढ़ते रहिये subkuz.com पर।

Leave a comment