Columbus

कुणाल कामरा विवाद: शिंदे को ‘गद्दार’ कहने से तिरंगे के अपमान तक, जानें क्यों फंसते हैं कॉमेडियन?

🎧 Listen in Audio
0:00

कॉमेडियन कुणाल कामरा अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। इस बार उन्होंने डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।

एंटरटेनमेंट डेस्क: कॉमेडियन कुणाल कामरा अपने बेबाक बयानों और राजनीतिक टिप्पणियों के कारण अक्सर विवादों में घिरे रहते हैं। इस बार उन्होंने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को लेकर विवादित टिप्पणी की, जिसके बाद मुंबई के एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह पहली बार नहीं है जब कुणाल कानूनी पचड़े में फंसे हैं, इससे पहले भी वह कई बार विवादों में आ चुके हैं।

शिंदे पर ‘गद्दार’ कहने से मचा बवाल

कुणाल कामरा ने हाल ही में अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें उन्होंने एकनाथ शिंदे को ‘गद्दार’ कहकर संबोधित किया। इस बयान के बाद शिंदे गुट की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया आई। शिवसेना के शिंदे गुट के नेता राहुल कनाल ने खार पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। वहीं, विधायक मर्जी पटेल ने एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 353(1), 353(2) और 356(2) के तहत मामला दर्ज कराया।

ओला के फाउंडर भाविश अग्रवाल से सोशल मीडिया पर हुआ था आमना-सामना

कामरा साल 2024 में ओला फाउंडर भाविश अग्रवाल के साथ भी तीखी बहस कर चुके हैं। उन्होंने ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर की खराब सेवाओं को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इसके बाद अग्रवाल ने पलटवार करते हुए कहा कि कुणाल कामरा को उनके लिए काम करना चाहिए, इससे उन्हें अपने ‘फेल कॉमेडी करियर’ से ज्यादा पैसे मिलेंगे। दोनों के बीच हुई यह बहस सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई थी।

राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का लगा आरोप

साल 2022 में कुणाल कामरा पर भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का भी आरोप लगा था। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की एक एडिट की हुई तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी, जिसमें राष्ट्रीय ध्वज को एक राजनीतिक दल के ध्वज से बदल दिया गया था। इस पोस्ट के चलते वरिष्ठ अधिवक्ता सौरभ तिवारी ने उनके खिलाफ परिवाद दायर किया था, जिसमें इसे तिरंगे का अपमान बताया गया था।

इंडिगो एयरलाइन्स ने लगाया था 6 महीने का प्रतिबंध

साल 2020 में कुणाल कामरा पर इंडिगो समेत चार प्रमुख एयरलाइन्स ने बैन लगा दिया था। उन पर आरोप था कि उन्होंने एक फ्लाइट में एक पत्रकार को परेशान किया था। इस घटना के बाद इंडिगो ने कुणाल पर 6 महीने का प्रतिबंध लगा दिया, जबकि स्पाइसजेट और अन्य एयरलाइन्स ने भी उनके खिलाफ कार्रवाई की थी।

लगातार विवादों में क्यों रहते हैं कुणाल कामरा?

कुणाल कामरा अपने राजनीतिक व्यंग्य और बेबाक टिप्पणियों के लिए जाने जाते हैं, लेकिन कई बार उनके बयानों के चलते वह कानूनी कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। चाहे वह ओला फाउंडर से बहस हो, राष्ट्रीय ध्वज का अपमान हो या किसी राजनीतिक नेता पर विवादित टिप्पणी, कामरा हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। अब देखना होगा कि इस बार उनका यह विवाद क्या मोड़ लेता है।

Leave a comment
 

Latest Columbus News