Delhi Election Result 2025: दिल्ली चुनाव हार के बाद केजरीवाल पर बरसे हरियाणा के CM सैनी, कहा - "हरियाणा को बदनाम करने वाले खुद हार गए"

🎧 Listen in Audio
0:00

दिल्ली चुनाव में हार के बाद CM नायब सिंह सैनी ने केजरीवाल पर निशाना साधा, कहा- "जो हरियाणा के नहीं हुए, वो दिल्ली के कैसे होते?" यमुना जल विवाद भी बना मुद्दा।

Delhi Assembly Election Result 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) को करारी हार का सामना करना पड़ा है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) दो दशक बाद सत्ता में वापसी करती नजर आ रही है। इन नतीजों के बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने हरियाणा की मिट्टी को अपमानित किया और जब वह हरियाणा के नहीं हुए, तो दिल्ली के कैसे होते?

CM सैनी का केजरीवाल पर हमला

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, "आज का दिन ऐतिहासिक है। दिल्ली की जनता ने भाजपा को स्पष्ट जनादेश दिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर अपनी मुहर लगा दी। दिल्ली अब अपना गौरव और सम्मान वापस पाएगी।"

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत से चुनाव लड़ा और जनता का विश्वास जीता। सैनी ने AAP और केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि वह सिर्फ झूठी राजनीति कर रहे थे और जनता ने उन्हें उनकी सही जगह दिखा दी।

यमुना जल विवाद पर केजरीवाल को घेरा

दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान यमुना नदी का पानी बड़ा मुद्दा बना था। केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि हरियाणा सरकार ने यमुना में अमोनिया नाम का जहर मिला दिया, जिससे दिल्ली का पानी प्रदूषित हुआ। इस मुद्दे पर जमकर राजनीति हुई और आम आदमी पार्टी ने इसे चुनावी मुद्दा बनाया।

अब चुनावी नतीजों के बाद CM नायब सिंह सैनी ने केजरीवाल पर पलटवार करते हुए कहा, "अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा की मिट्टी का अपमान किया है। उन्होंने चुनाव जीतने के लिए झूठे आरोप लगाए, लेकिन जनता उनकी सच्चाई समझ चुकी है।"

चुनाव आयोग ने भेजा था नोटिस

यमुना जल विवाद को लेकर अरविंद केजरीवाल को चुनाव आयोग से नोटिस भी मिला था। इस मुद्दे पर हरियाणा सरकार ने आप संयोजक को चुनौती दी थी और भाजपा ने इसे हरियाणा के अपमान से जोड़कर बड़ा मुद्दा बनाया। भाजपा नेताओं ने कहा कि केजरीवाल अपनी नाकामी छिपाने के लिए झूठे आरोप लगा रहे थे, लेकिन जनता ने अब उन्हें सबक सिखा दिया है।

दिल्ली में भाजपा की वापसी

दिल्ली में आम आदमी पार्टी को इस बार करारी हार मिली है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, AAP की हार के पीछे कई कारण हैं, जिनमें भ्रष्टाचार के आरोप, खराब प्रशासन और भाजपा की मजबूत रणनीति प्रमुख हैं।

सीएम नायब सिंह सैनी के इस बयान से साफ है कि भाजपा अब दिल्ली में भी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है और AAP को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रही।

Leave a comment