Haryana Nikay Chunav 2025: हरियाणा नगर निगम चुनाव में बीजेपी की बढ़त, मानेसर में निर्दलीय उम्मीदवार बनीं पहली मेयर

🎧 Listen in Audio
0:00

मानेसर नगर निगम चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. इंद्रजीत यादव ने 2293 वोटों से जीत दर्ज की। वे पहली मेयर बनीं और शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी।

Haryana Nikay Chunav 2025: हरियाणा में आज नगर निकाय चुनाव 2025 के नतीजे घोषित किए जा रहे हैं। सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हुई, जिसमें प्रदेश के 10 नगर निगम और 32 अन्य नगर निकाय शामिल हैं। शुरुआती रुझानों में कई जगहों पर कांटे की टक्कर देखने को मिली। मानेसर में निर्दलीय महिला उम्मीदवार ने जीत हासिल की, जबकि गुरुग्राम में बीजेपी को भारी बढ़त मिली। वहीं, कांग्रेस विधायक और पूर्व रेसलर विनेश फोगाट के जुलाना नगर पालिका में बीजेपी ने जीत दर्ज की।

सोनीपत नगर निगम चुनाव: बीजेपी की बड़ी जीत

सोनीपत नगर निगम चुनाव में बीजेपी ने कांग्रेस को भारी अंतर से हराया। बीजेपी उम्मीदवार राजीव जैन ने कांग्रेस प्रत्याशी कमल दीवान को 34,766 वोटों से शिकस्त दी। इस जीत के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल देखा गया। जीत के बाद राजीव जैन ने कहा कि यह जीत जनता की है और वे जनता का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि अब सोनीपत में ट्रिपल इंजन की सरकार विकास कार्यों को गति देगी।

मानेसर नगर निगम: निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. इंद्रजीत यादव बनीं पहली मेयर

मानेसर नगर निगम के मेयर चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. इंद्रजीत यादव ने 2,293 वोटों से जीत दर्ज की। वे मानेसर नगर निगम की पहली महिला मेयर बनीं। डॉ. इंद्रजीत यादव ने पहले राउंड से ही बढ़त बनाए रखी, जिसे छह राउंड तक बरकरार रखा। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी सुंदर लाल यादव को हराकर जीत दर्ज की।

इस जीत के बाद केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत की भूमिका चर्चा में आ गई है। बताया जा रहा है कि चुनाव से पहले राव इंद्रजीत ने सर्वे के आधार पर बीजेपी की चुनाव समिति के सामने डॉक्टर इंद्रजीत यादव का नाम रखा था, लेकिन पार्टी ने सुंदर लाल यादव को उम्मीदवार बनाया। परिणाम आने के बाद अब यह फैसला बीजेपी के लिए विचारणीय बन गया है।

जुलाना नगर पालिका में बीजेपी की जीत

जुलाना नगर पालिका में बीजेपी उम्मीदवार डॉ. संजय जांगड़ा ने 671 वोटों से जीत दर्ज की। उन्हें 3,771 वोट मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी गल्लू लाठर को 3,100 वोट मिले।

गुरुग्राम में बीजेपी प्रत्याशी की भारी बढ़त

गुरुग्राम नगर निगम में बीजेपी प्रत्याशी राज रानी मल्होत्रा 1,14,000 वोटों से आगे चल रही हैं। यह बढ़त बीजेपी के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है।

नूंह जिले की तावडू नगरपालिका में कड़ा मुकाबला

नूंह जिले की तावडू नगरपालिका में भी चुनावी नतीजे आ रहे हैं। पहले राउंड में सुनीता सोनी 117 वोटों से आगे चल रही हैं, जबकि दूसरे स्थान पर पायल सोनी हैं।

सिरसा नगर परिषद चुनाव: मतगणना जारी

सिरसा नगर परिषद चुनाव में वोटों की गिनती जारी है। आज यहां 32 वार्ड के पार्षद और नगर परिषद के चेयरमैन के नतीजे घोषित किए जाएंगे। इस बार जनता ने पहली बार चेयरमैन पद के लिए सीधे वोट डाले हैं। मुख्य मुकाबला कांग्रेस और एनडीए गठबंधन के बीच देखा जा रहा है। चेयरमैन पद के लिए कुल 7 उम्मीदवार मैदान में हैं।

नगर निकाय चुनाव: बीजेपी और कांग्रेस के लिए पहली परीक्षा

हरियाणा में नगर निकाय चुनाव की मतगणना जारी है। पिछले साल अक्टूबर में हुए विधानसभा चुनाव जीतने के बाद यह बीजेपी और कांग्रेस के लिए पहली बड़ी चुनावी परीक्षा मानी जा रही है। 2 मार्च को नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका के लिए महापौर/अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों के चुनाव हुए थे।

Leave a comment