Session of Parliament: अमेरिका के लिए नया युग; राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संसद में बताया अपनी नीति का रोडमैप

🎧 Listen in Audio
0:00

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 5 मार्च को संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया और अपनी प्रशासनिक नीतियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। अपने भाषण को 'The Renewal of the American Dream' नाम देते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अपनी खोई हुई पहचान वापस पा चुका हैं।

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 5 मार्च को संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया और अपनी प्रशासनिक नीतियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। अपने भाषण को 'The Renewal of the American Dream' नाम देते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अपनी खोई हुई पहचान वापस पा चुका है। इस दौरान उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध, व्यापारिक टैरिफ, थर्ड जेंडर मुद्दा और आर्थिक सुधारों समेत कई अहम विषयों पर चर्चा की।

ट्रंप ने अपने संबोधन की शुरुआत "America Is Back" कहकर की और जोर दिया कि अमेरिका फिर से महान बनने की राह पर अग्रसर है। उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि मात्र 43 दिनों में उनकी प्रशासन ने वह कर दिखाया जो अन्य सरकारें चार साल में भी नहीं कर पाईं।

ट्रंप के भाषण की 10 प्रमुख बातें

1. अमेरिकी आत्मविश्वास की वापसी: ट्रंप ने दावा किया कि उनका प्रशासन अमेरिका की रूह, गौरव और आत्मविश्वास वापस लाने में सफल रहा है। उन्होंने कहा कि अब अमेरिकी नागरिक अपने सभी सपनों को साकार कर सकेंगे।

2. रूस-यूक्रेन युद्ध पर कड़ा रुख: राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिका अपनी प्राथमिकताओं को लेकर दृढ़ है और रूस-यूक्रेन युद्ध में तटस्थता बरतते हुए कूटनीतिक समाधान खोजने के पक्ष में रहेगा।

3. सीमा सुरक्षा को प्राथमिकता: ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि अवैध प्रवास को रोकने के लिए सेना और सीमा गश्ती दलों की तैनाती की गई है, जिससे अवैध घुसपैठ में भारी कमी आई है।

4. भारत पर टैरिफ नीति का जिक्र: भारत को लेकर ट्रंप ने कहा कि अमेरिका पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने वाले देशों पर अमेरिका भी उतना ही टैरिफ लगाएगा। उन्होंने इसे व्यापार संतुलन स्थापित करने की नीति करार दिया।

5. नस्ल और लिंग के आधार पर भेदभाव खत्म: ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में नौकरियों का आधार कौशल और योग्यता होगा, न कि नस्ल या लिंग। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का जिक्र करते हुए इसे ऐतिहासिक बताया।

6. थर्ड जेंडर पर विवादास्पद बयान: ट्रंप ने अपने भाषण में कहा कि उन्होंने एक आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं, जिससे यह अमेरिकी सरकार की आधिकारिक नीति बन गई है कि केवल दो ही लिंग हैं—पुरुष और महिला।

7. क्रिटिकल रेस थ्योरी पर प्रतिबंध: ट्रंप ने कहा कि उन्होंने पब्लिक स्कूलों से क्रिटिकल रेस थ्योरी (CRT) को हटाने का फैसला लिया है, क्योंकि यह अमेरिका की शिक्षा प्रणाली को नुकसान पहुंचा रही थी।

8. जलवायु परिवर्तन और अंतरराष्ट्रीय संगठनों से अलगाव: ट्रंप ने कहा कि उन्होंने जलवायु परिवर्तन संबंधी "घोटाले" को खत्म कर दिया है। इसके तहत उन्होंने पेरिस जलवायु समझौते से अमेरिका को अलग कर लिया, भ्रष्ट विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) से संबंध तोड़ दिया और संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) से भी बाहर निकलने का निर्णय लिया।

9. अंडों की कीमतें और आर्थिक सुधार: ट्रंप ने कहा कि वर्तमान समय में अंडों की कीमतें अनियंत्रित हो गई हैं। उन्होंने वादा किया कि उनकी सरकार अमेरिका को फिर से "सस्ता" और "सुलभ" बनाने की दिशा में काम करेगी।

10. डेमोक्रेटिक वीमेंस कॉकस का विरोध: ट्रंप की नीतियों के विरोध में डेमोक्रेटिक वीमेंस कॉकस की कई महिला सांसदों ने गुलाबी रंग के पैंटसूट पहनकर संसद में अपना विरोध दर्ज कराया।

राष्ट्रपति ट्रंप के इस संबोधन को उनके समर्थकों ने अमेरिका के पुनर्जागरण की संज्ञा दी है, वहीं उनके आलोचकों ने इसे विभाजनकारी नीतियों का विस्तार बताया। 

Leave a comment