Columbus

उत्तर भारत में गर्मी का कहर, दक्षिण में बारिश का अलर्ट; जानें आज का मौसम अपडेट

🎧 Listen in Audio
0:00

​दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में इन दिनों गर्मी का प्रभाव बढ़ रहा है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना हैं। 

मौसम: दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश तक गर्मी का असर अब साफ दिखने लगा है। राजधानी में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जबकि यूपी के कई जिलों में लू जैसे हालात बनने लगे हैं। दूसरी ओर, तमिलनाडु और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। जानिए अगले 24 घंटे में आपके इलाके में कैसा रहेगा मौसम।

दिल्ली में बढ़ेगी गर्मी, धूप करेगी बेहाल

दिल्ली-एनसीआर में बीते कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक राजधानी में गर्मी बढ़ने के आसार हैं। कल दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 20 डिग्री के बीच रहेगा। 27 मार्च से हल्की ठंडी हवाओं के कारण मौसम थोड़ा बदलेगा, लेकिन फिलहाल लू जैसे हालात बनने की संभावना नहीं हैं। 

उत्तर प्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी का दौर

यूपी के अधिकतर जिलों में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा और मेरठ समेत कई जिलों में दिनभर तेज धूप रहने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 35-38 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। कुछ इलाकों में दोपहर के समय गर्म हवाएं चलने की संभावना है, जिससे लोगों को परेशानी हो सकती है। हालांकि, 28 मार्च से कुछ इलाकों में आंशिक बादल छाने की उम्मीद हैं। 

तमिलनाडु में बारिश का अलर्ट

दक्षिण भारत के राज्यों में मौसम का मिजाज उत्तर भारत से बिल्कुल उलट है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। चेन्नई में रविवार को हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 27 और 28 मार्च को कई इलाकों में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से तमिलनाडु में अगले दो दिनों तक रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तापमान 2-3 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे वहां हल्की ठंडक महसूस की जा सकती है। बिहार और झारखंड में भी गर्मी बढ़ने लगी है, लेकिन मौसम विभाग ने 27 मार्च के बाद आंशिक बादल छाने और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी की संभावना जताई है। पटना, गया, भागलपुर और रांची में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 28 मार्च के बाद हल्की बारिश हो सकती हैं। 

Leave a comment