संसद में वित्त मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि 8वें वेतन आयोग में DA और DR को बेसिक सैलरी में मर्ज करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। महंगाई भत्ता और राहत नियमित रूप से जारी रहेगी।
8th Pay Commission: संसद के शीतकालीन सत्र में वित्त मंत्रालय ने 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर स्पष्ट जानकारी दी। लोकसभा में एक सांसद के सवालों के जवाब में वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि मौजूदा महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) को बेसिक सैलरी में मर्ज करने का कोई प्रस्ताव सरकार के पास विचाराधीन नहीं है।
8वें वेतन आयोग के बाद सैलरी में बढ़ोतरी की संभावना
8वें वेतन आयोग के गठन के बाद केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन में बढ़ोतरी को लेकर कई कयास लगाए जा रहे थे। सरकार ने संसद में साफ किया कि वर्तमान में DA/DR को मूल वेतन में शामिल करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। यह निर्णय इस बात को दर्शाता है कि महंगाई भत्ते को बेसिक सैलरी के अलावा ही नियमित रूप से जारी रखा जाएगा।
कैसे होता है महंगाई भत्ते का एडजस्टमेंट
महंगाई भत्ते और महंगाई राहत को लिविंग कॉस्ट को ध्यान में रखते हुए हर छह महीने में लेबर ब्यूरो द्वारा जारी अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर संशोधित किया जाता है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों की बेसिक सैलरी और पेंशन को महंगाई के प्रभाव से होने वाले नुकसान से बचाना है।
संसद में पूछे गए सवाल
लोकसभा सांसद आनंद भदौरिया ने वित्त मंत्री से पूछा कि क्या सरकार ने 8वें केंद्रीय वेतन आयोग के गठन के लिए कोई अधिसूचना (Notification) जारी की है और क्या बढ़ती महंगाई के मद्देनजर DA/DR को बेसिक सैलरी में मर्ज करने का विचार है। इसके जवाब में वित्त राज्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।












