आगर मालवा नर्सरी से 31.25 किलो ड्रग्स और 600 किलो केमिकल जब्त, हरियाणा तक की जाती थी सप्लाई 

आगर मालवा नर्सरी से 31.25 किलो ड्रग्स और 600 किलो केमिकल जब्त, हरियाणा तक की जाती थी सप्लाई 
AI IMAGE

आगर मालवा की आमला नर्सरी में MD ड्रग्स की फैक्ट्री का खुलासा हुआ। 31.25 किलो ड्रग्स, केमिकल और मशीनें जब्त की गई। संचालक कालूराम रातड़िया का इंदौर से कनेक्शन भी सामने आया। पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया।

Madhya Pradesh: आगर मालवा जिले की आमला क्षेत्र स्थित तीर्थ नर्सरी में नारकोटिक्स विभाग ने शनिवार तड़के छापा मारा। तलाशी में 31.250 किलो तैयार MD ड्रग्स, लगभग 600 किलो केमिकल, ड्रग्स बनाने की मशीनें और तकनीकी उपकरण बरामद हुए। इस नर्सरी का संचालन कालूराम रातड़िया कर रहा था। वह मूल रूप से सुसनेर के पास मोड़ी गांव का रहने वाला है। जंगल के भीतर फैक्ट्री संचालित होने की वजह से इसे बाहरी लोगों के लिए छुपाकर रखा गया था।

नर्सरी का विस्तृत विवरण

नर्सरी आगर मालवा मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर, झालावाड़-कोटा रोड पर स्थित आमला के जंगल में है। इसे आम रास्ते से पहुंचना मुश्किल है। बाहर “तीर्थ हर्बल फार्म एंड नर्सरी” का बोर्ड लगा है और चारों ओर तारों से फेंसिंग की गई है।

इस नर्सरी की भूमि रिकॉर्ड के अनुसार इंदौर के रहने वाले अनिल कुमार और अभय कुमार के नाम भी दर्ज हैं। इसके अलावा रातड़िया परिवार के कालूराम, आरती और संतोषबाई के नाम पर भी भूमि दर्ज है। यह नर्सरी सालों से रातड़िया परिवार चला रहा था।

अपराध रिकॉर्ड 

कालूराम रातड़िया के खिलाफ पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड मौजूद है। 2 मार्च 2010 को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एनडीपीएस की धारा 15 और 29 के तहत केस दर्ज हुआ था।

इस मामले में नर्सरी के मैनेजर सिद्धनाथ, धारा सिंह और प्रहलाद सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने फैक्ट्री में से ड्रग्स, केमिकल और मशीनरी जब्त कर केस दर्ज किया है।

ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय कीमत

बारामद ड्रग्स की घरेलू बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ रुपए बताई गई है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 50 करोड़ रुपए से अधिक है। जांच में पता चला है कि नर्सरी से बनी ड्रग्स हरियाणा समेत अन्य राज्यों तक सप्लाई की जा रही थी।

पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और फैक्ट्री के सभी सहयोगियों और सप्लायरों का पता लगाने में लगी हुई है।

Leave a comment