IGRS रैंकिंग में अयोध्या रीजन का दबदबा, सभी पांच जिलों को मिला प्रथम स्थान

IGRS रैंकिंग में अयोध्या रीजन का दबदबा, सभी पांच जिलों को मिला प्रथम स्थान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस विभाग की सुदृढ़ व्यवस्था तथा प्रभावी कार्यप्रणाली से दिव्य और भव्य अयोध्या में एक बार फिर सुशासन, सुरक्षा और मर्यादा का वातावरण स्थापित होता दिखाई दे रहा है।

अयोध्या: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति और जन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर का असर एक बार फिर साफ तौर पर देखने को मिला है। जन शिकायत निस्तारण प्रणाली (IGRS) की ताज़ा मासिक रैंकिंग में अयोध्या परिक्षेत्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। खास बात यह रही कि परिक्षेत्र के सभी पांच जिलों अयोध्या, बाराबंकी, अमेठी, अम्बेडकरनगर और सुल्तानपुर को भी अपने-अपने स्तर पर प्रथम रैंक प्राप्त हुई है।

यह उपलब्धि न सिर्फ प्रशासनिक दक्षता का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर समयबद्ध समाधान देने की दिशा में पुलिस और प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रहे हैं।

मजबूत नेतृत्व और टीम वर्क का नतीजा

अयोध्या परिक्षेत्र के एडीजी/आईजी प्रवीण कुमार के कुशल मार्गदर्शन और IGRS टीम की निरंतर मेहनत ने इस सफलता में अहम भूमिका निभाई है। अधिकारियों के अनुसार, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के साथ-साथ शिकायतकर्ताओं से संतुष्टि फीडबैक लेना और डिफॉल्ट मामलों को न्यूनतम रखना इस रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने के प्रमुख कारण रहे।

आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से आने वाली शिकायतों पर संबंधित थाना, सर्किल और जिला स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की गई। हर स्तर पर यह सुनिश्चित किया गया कि शिकायतकर्ता को समय पर न्याय मिले और उसकी समस्या का स्थायी समाधान हो।

मुख्यमंत्री की नीति का दिखा असर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार यह निर्देश देते रहे हैं कि जनता की शिकायतों का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी नीति के तहत प्रदेश भर में पुलिस और प्रशासनिक तंत्र को अधिक जवाबदेह बनाया गया है। अयोध्या परिक्षेत्र में यह नीति जमीन पर प्रभावी रूप से लागू होती दिखी, जिसका परिणाम IGRS रैंकिंग में ऐतिहासिक प्रदर्शन के रूप में सामने आया। 

इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए एडीजी/आईजी प्रवीण कुमार ने कहा,यह सफलता हमारी पूरी IGRS टीम, सभी जिलों के पुलिस कप्तानों और थाना प्रभारियों की मेहनत व समर्पण का परिणाम है। मुख्यमंत्री की मंशा है कि हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण हो। हम आगे भी प्रयास करेंगे कि अयोध्या परिक्षेत्र हर महीने इस रैंकिंग में अव्वल बना रहे और जनता का विश्वास पुलिस पर और मजबूत हो।”

IGRS रैंकिंग में प्रथम स्थान पाने वाले जिले

  • बाराबंकी
  • अयोध्या
  • अमेठी
  • अम्बेडकरनगर
  • सुल्तानपुर

IGRS रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त करने से परिक्षेत्र के पुलिसकर्मियों का मनोबल काफी ऊंचा हुआ है। थानों पर शिकायतों के निस्तारण, फॉलो-अप और फीडबैक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत किया गया है। रामनगरी अयोध्या सहित पूरे परिक्षेत्र में धार्मिक आयोजनों, पर्यटन और भीड़भाड़ के कारण शिकायतों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक रहती है। इसके बावजूद, टीम ने इस चुनौती को अवसर में बदलते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

Leave a comment