खाटूश्यामजी सदर थाना पुलिस ने अजमेर व्यापारी अपहरण मामले में फरार दो इनामी अपराधियों को अजमेर से गिरफ्तार किया। इनमें से एक आरोपी जिले के टॉप 10 अपराधियों में शामिल है। मामले में अब तक 7 आरोपी पकड़े जा चुके हैं।
Sikar: सीकर जिले के खाटूश्यामजी सदर थाना क्षेत्र में 8 जुलाई 2025 को एक सनसनीखेज अपहरण की वारदात सामने आई थी। अजमेर निवासी व्यापारी अमित खंडेलवाल खाटूश्यामजी में दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लामियां गांव के पास पचार रोड पर कुछ बदमाशों ने उनकी गाड़ी को जबरन रुकवा लिया।
बदमाशों ने व्यापारी के साथ मारपीट की और उन्हें जबरदस्ती अगवा कर लिया। उस समय गाड़ी में एक महिला भी मौजूद थी, जिसके साथ भी आरोपियों ने मारपीट की थी। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को तुरंत सूचना दी गई।
फरार बदमाशों की तलाश जारी
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपियों पर 20-20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया। खाटूश्यामजी सदर थाना प्रभारी अमित नागोरा के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों का लगातार पीछा किया।
![]()
पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश भी दी, लेकिन आरोपी लगातार जगह बदलते रहे। इस मामले में पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि दो आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे थे।
एक टॉप 10 अपराधी
लगातार मिल रहे तकनीकी इनपुट और सूचना के आधार पर पुलिस को सफलता मिली। कांस्टेबल प्रभुदयाल और कांस्टेबल अशोक कुमार को मिली अहम जानकारी तथा कांस्टेबल रोहिताश्व द्वारा जुटाए गए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अजमेर में दबिश दी।
पुलिस ने पीलवा निवासी राजपाल जाखड़ और रेखाराम लोरा को अजमेर से गिरफ्तार कर लिया। इनमें से राजपाल जाखड़ सीकर जिले के मुख्य 10 अपराधियों की सूची में शामिल है और उस पर पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस की इस कार्रवाई में खाटूश्यामजी सदर थाना पुलिस टीम के साथ-साथ कांस्टेबल प्रभुदयाल, कांस्टेबल अशोक कुमार और कांस्टेबल रोहिताश्व की विशेष भूमिका रही।











