सीकर जेल में अचानक बिगड़ी कैदी की तबीयत, एसके अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

सीकर जिला जेल में बंद 59 वर्षीय विचाराधीन कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। एसके अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। मौत का कारण साइलेंट हार्ट
सीकर जेल में अचानक बिगड़ी कैदी की तबीयत, एसके अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

सीकर जिला जेल में विचाराधीन 59 वर्षीय कैदी की साइलेंट अटैक से मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर उसे एसके अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित किया गया। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया।

Sikar: सीकर जिला कारागृह में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विचाराधीन कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मृतक की पहचान फकरुद्दीन (59) पुत्र जियाउद्दीन, निवासी पुराना वार्ड नंबर 38, मोहल्ला कुरैशियान, कुरैशियों की मस्जिद के पास, सीकर के रूप में हुई है।

जेल अधीक्षक इंद्रकुमार ने बताया कि फकरुद्दीन जेल की बैरक में मौजूद था, तभी अचानक वह नीचे गिर पड़ा। जेल में तैनात कर्मचारियों ने तुरंत मेडिकल स्टाफ को सूचना दी। प्रारंभिक जांच के बाद जेल के मेडिकल स्टाफ ने उसे गंभीर हालत में एसके अस्पताल रेफर किया। जेल स्टाफ द्वारा तुरंत कैदी को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक माना जा रहा है।

पहले से किसी बीमारी की जानकारी नहीं

जेल प्रशासन के अनुसार फकरुद्दीन को पहले किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं थी। वह नियमित रूप से जेल की दिनचर्या में शामिल हो रहा था और उसकी तबीयत को लेकर पहले कोई चेतावनी संकेत नहीं मिले थे।

सीकर जेल में अचानक बिगड़ी कैदी की तबीयत, एसके अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

मौत की सूचना मिलने के बाद जेल प्रशासन ने तुरंत परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जेल अधीक्षक ने बताया कि पूरी प्रक्रिया नियमानुसार की गई और किसी प्रकार की लापरवाही सामने नहीं आई है। मामले की सूचना संबंधित थाने को भी दे दी गई है।

करोड़ों की जमीन हड़पने के मामले में था जेल में बंद

मृतक फकरुद्दीन सीकर जिले के गोकुलपुरा पुलिस थाना क्षेत्र के मुकदमा संख्या 177/2025 में विचाराधीन कैदी था। गोकुलपुरा थाना SHO प्रीति बेनीवाल के अनुसार, 24 अक्टूबर 2025 को सुरेंद्र सिंह ढाका ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया था कि सीकर के गांव देवीपुरा में स्थित उनकी करोड़ों रुपए मूल्य की जमीन को कुछ लोगों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर हड़पने की कोशिश की। साथ ही, आरोपियों पर रंगदारी मांगने के भी आरोप लगाए गए थे।

इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद फकरुद्दीन और उसके भाई भाउद्दीन को 25 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद दोनों भाइयों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागृह भेज दिया गया था। सुरक्षा कारणों से दोनों को जेल में अलग-अलग बैरकों में रखा गया था। फिलहाल, कैदी की मौत के मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

Leave a comment