केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को असम के एक दिन के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
Amit Shah: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज (सोमवार) एक दिवसीय दौरे पर असम पहुंचेंगे। इस दौरान वे राज्य में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। दौरे के दौरान अमित शाह की मौजूदगी में करोड़ों रुपये की परियोजनाएं शुरू होंगी, जो राज्य की सुरक्षा, संस्कृति और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देंगी।
दौरे में प्रमुख कार्यक्रम
अमित शाह का असम दौरा सुबह गुवाहाटी से शुरू होगा। सबसे पहले वे शहीद स्मारक क्षेत्र में असम आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद गृह मंत्री नागांव जिले के बोरदुवा जाएंगे, जो महान वैष्णव संत श्रीमंत शंकरदेव का जन्मस्थान है। यहां अमित शाह 227 करोड़ रुपये की पुनर्विकास परियोजना का उद्घाटन करेंगे।
इस परियोजना का उद्देश्य धार्मिक स्थल का आधुनिकीकरण करना और पर्यटकों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाना है। उद्घाटन के तुरंत बाद अमित शाह बोरदुवा में जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या शामिल होने की संभावना है।
गुवाहाटी में सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

बोरदुवा से लौटने के बाद अमित शाह गुवाहाटी पहुंचेंगे, जहां वे सुरक्षा और निगरानी के आधुनिक उपकरणों का उद्घाटन करेंगे। इसमें गुवाहाटी पुलिस कमिश्नरेट की नई इमारत का उद्घाटन शामिल है, जिसकी लागत 111 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही अमित शाह 189 करोड़ रुपये की इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम (ICCS) का भी उद्घाटन करेंगे।
यह ICCS केंद्र गुवाहाटी में 2,000 से अधिक CCTV कैमरों की निगरानी करेगा और राज्य में सुरक्षा और इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम को मजबूत बनाएगा। यह प्रणाली नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आपात स्थितियों में तेज़ प्रतिक्रिया देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सांस्कृतिक विकास में भी योगदान
शहर में सुरक्षा व्यवस्था का उद्घाटन करने के बाद अमित शाह 291 करोड़ रुपये की लागत वाले ज्योति बिष्णु सांस्कृतिक परिसर का भी उद्घाटन करेंगे। यह परिसर 5,000 सीटों वाला एक ऑडिटोरियम है, जो सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संगीत और कला प्रदर्शनों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। यह परियोजना राज्य में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने में मदद करेगी।
अमित शाह का यह दौरा मूल रूप से रविवार रात को अहमदाबाद से गुवाहाटी के लिए निर्धारित था। लेकिन गुवाहाटी में कोहरे के कारण उनकी फ्लाइट उड़ान नहीं भर पाई, इसलिए दौरे को सोमवार तक स्थगित किया गया। अब गृह मंत्री आज एक दिवसीय दौरे पर राज्य में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और लोगों से संवाद भी करेंगे।












