अंबाह के वाटर बॉक्स क्षेत्र में दो सांडों की लड़ाई के दौरान 60 वर्षीय मातादीन शर्मा को टक्कर लग गई। अस्पताल पहुंचने से पहले उनकी मौत हो गई। घटना सीसीटीवी में कैद हुई, नगर पालिका पर लापरवाही के आरोप लगे।
Madhya Pradesh: अंबाह कस्बे में गुरुवार शाम एक सामान्य सा दिन अचानक मातम में बदल गया। वाटर बॉक्स क्षेत्र में दो आवारा सांड आपस में लड़ रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बुजुर्ग मातादीन शर्मा उनकी चपेट में आ गए। मातादीन शर्मा रोज की तरह साइकिल से बाजार सब्जी लेने निकले थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाटर बॉक्स के पास उस समय काफी भीड़ थी। भीड़ को देखते हुए बुजुर्ग साइकिल से उतरकर पैदल चलने लगे। तभी अचानक लड़ते हुए दो सांड उनकी ओर बढ़े और उनमें से एक सांड ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और बेहोश हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े। एम्बुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन एम्बुलेंस करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। इस देरी के कारण घायल बुजुर्ग की हालत और बिगड़ गई।
उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल अंबाह ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज शुक्रवार सुबह सामने आया है। फुटेज में साफ दिखाई देता है कि किस तरह दो सांड सड़क पर लड़ते हुए दौड़ रहे हैं और अचानक एक सांड बुजुर्ग को टक्कर मार देता है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया है।
लोगों का कहना है कि शहर में आवारा गोवंश की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो पशुओं को गौशाला भेजा जा रहा है और न ही सड़कों पर सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं।










